मसूरी में सीएम धामी ने कहा-प्रदेश में विकास के लिए हर सम्भव प्रयास कर रही है सरकार

देहरादून। मसूरी में विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने सीएम धामी एवं कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी का किया भव्य स्वागत।सीएम ने प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में एक नई कार्य संस्कृति एवं कार्य व्यवहार आया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के समग्र विकास के लिए राज्य सरकार हर सम्भव प्रयास कर रही है। उन्होंने उत्तराखण्ड के राज्य आन्दोलनकारियों का स्मरण करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड को राज्य आन्दोलनकारियों के सपनों के अनुरूप प्रदेश बनाने के लिए राज्य सरकार कृत संकल्प है।

हमने जनता से जो वायदे किये हैं, वे सभी पूरे किये जायेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य में नई सरकार के गठन के बाद पहली केबिनेट में उत्तराखण्ड के सभी लोगों के लिए एक समान कानून के लिए समिति बनाने को केबिनेट से मंजूरी दी गई है। जल्द ही विशेषज्ञों की कमेटी बनाकर ड्राफ्ट तैयार किया जायेगा।

धामी ने कहा कि पर्यावरण मित्रों का मानदेय बढ़ाकर प्रतिदिन 500 रूपये किया गया है। सरकार ने पति-पत्नि दोंनों को वृद्धावस्था पेंशन देने का निर्णय लिया है और इसकी धनराशि भी बढ़ाई है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में गरीब परिवारों को एक साल में तीन गैस सिलेण्डर मुफ्त देने का निर्णय लिया गया है, जिसके लिए बजट का प्राविधान किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का राज्य से विशेष लगाव है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड में अनेक विकास कार्य हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार के सहयोग से राज्य में हवाई, रेल, सड़क कनेक्टिविटी का तेजी से विस्तार हो रहा है। भव्य एवं दिव्य केदारपुरी का निर्माण हुआ है। श्री बद्रीनाथ में विभिन्न कार्यों के लिए केन्द्र सरकार से 250 करोड़ रूपये की स्वीकृति मिल चुकी है।

उन्होंने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाईन पर तेजी से कार्य हो रहा है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में एम्स ऋषिकेश में अनेक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हैं। मुख्यमंत्री धामी ने अपने उद्बोधन में स्थानीय जनता को भरोसा दिलाया कि मसूरी क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं का समाधान किया जायेगा।

मसूरी के लोगों के लिए विभिन्न प्रमाण-पत्र बनाने के लिए कहीं और न जाना पड़े, इसके लिए मसूरी में व्यवस्था की जायेगी। उन्होंने कहा कि सिफनकोट में लोगों के मकान जल्द बनवाये जायेंगे। मसूरी में गढ़वाल सभा के भवन के लिए 1.5 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी जा चुकी है।

केबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने प्रदेश में लगातार दूसरी बार भाजपा सरकार बनाने पर जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जन अपेक्षाओं के आधार पर प्रदेश का विकास किया जायेगा। उन्होंने कहा कि मसूरी की जनता का उन्हें हर बार आशीर्वाद मिला है।

Leave a Reply