After Header-1

गार्ड भर्ती घोटाला: सचिव और महाप्रबंधकों के हुए तबादले

देहरादून । उत्तराखंड सहकारी बैंकों में चतुर्थ श्रेणी ( गार्ड) भर्ती में हुए घोटाले के मद्देनजर  निष्पक्ष जांच कराने के मकसद से  शासन ने बुधवार को जिला सहकारी बैंकों देहरादून, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा तथा ऊधम सिंह नगर को सचिवों और महाप्रबंधकों के तबादले जांच रिपोर्ट आने तक कर दिए हैं।

साथ ही देहरादून को आपरेटिव बैंक की महाप्रबंधक  बंदना श्रीवास्तव का सेवा विस्तार भी रोक दिया गया है। इस संबंध में सहकारी बैंक केंद्रीय सेवा के सदस्य सचिव ईरा उप्रेती की ओर से आदेश भी जारी कर दिया गया है।

जारी आदेश के मुताबिक प्रकाश चंद्र दुमका  नैनीताल के साथ ही साथ अल्मोड़ा जिला सहकारी बैंक के सचिव और महाप्रबंधक का काम भी देखेंगे। नरेश चंद अल्मोड़ा के साथ ही साथ देहरादून जिला सहकारी बैंक के सचिव और महाप्रबंधक का काम देखेंगे।

सुरेन्द्र कुमार प्रभाकर को पिथौरागढ़ से देहरादून भेजा गया है।  पिथौरागढ़ के उप महाप्रबंधक एल एन  भट्ट  पिथौरागढ़ के सचिव और महाप्रबंधक का काम काज देखेंगे।राम अवध को ऊधम सिंह नगर से हटाकर देहरादून की जिम्मेदारी दी गई है।

ऊधम सिंह नगर उप महाप्रबंधक दिग्विजय सिंह को वहीं पर सचिव और महाप्रबंधक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा सौं सिंह को टिहरी के साथ ही साथ देहरादून कोआपरेटिव  की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जांच पूरी होने तक यह व्यवस्था लागू रहेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.