After Header-1

पीएम मोदी और अमित शाह से धामी ने की मुलाकात-यूनिफॉर्म सिविल कोड को लेकर उच्च स्तरीय कमेटी का होगा गठन

नयी दिल्ली। दिल्ली दौरे पर है उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी। मुख्यमंत्री धामी ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से संसद भवन में शिष्टाचार भेंट की। सीएम धामी ने पीएम के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार से मिल रहे सहयोग पर आभार व्यक्त किया है। धामी ने राज्य में संचालित विकास कार्यों के बारे में अवगत कराया। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी.नड्डा से मुलाकात की है।

प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद धामी ने कहा कि आने वाला दशक उत्तराखंड का दशक होगा। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से जीएसटी प्रतिकर अवधि बढ़ाए जाने का भी अनुरोध किया। उन्होंने नवीनतम तकनीक व वैज्ञानिक शोध को बढ़ावा देने के लिये भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान की स्थापना और फार्मास्यूटिकल उद्योग के विकास के लिये नेशनल इंस्टीट्यूट आफ फार्मास्यूटिकल एजुकेशन एण्ड रिसर्च की स्थापना का आग्रह किया।

यूनिफॉर्म सिविल कोड को लेकर उच्च स्तरीय कमेटी का होगा गठन

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यूनिफॉर्म सिविल कोड को लेकर मैंने 12 फरवरी 2022 को एक संकल्प उत्तराखंड की जनता के समक्ष रखा था कि सरकार का गठन होते ही यूनिफॉर्म सिविल कोड को लेकर एक उच्च स्तरीय कमेटी का गठन होगा। धामी ने कहा कि वो कमेटी एक ड्रॉफ्ट बनाएगी और उसके आधार पर ही उत्तराखंड में यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू होगा। उस पर हम कार्रवाई कर रहे हैं और पहली कैबिनेट में हमने कैबिनेट नोट बना दिया है, जिस पर काम किया जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.