राज्यसभा में मांडविया ने कहा- जबरन जनसंख्या नियंत्रण नहीं

नयी दिल्ली : राज्यसभा में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मनसुख लाल मांडविया ने कहा कि देश में जबरन जनसंख्या नियंत्रण नहीं किया जायेगा बल्कि जनता स्वयं इसे नियंत्रित कर रही है तथा इसके लिए जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।

जनसंख्या नियंत्रण के लिए भारतीय जनता पार्टी के राकेश सिन्हा के निजी विधेयक जनसंख्या विनियमन विधेयक 2019 पर हुयी चर्चा के दौरान मांडविया ने हस्तक्षेप करते हुये कहा कि देश में राष्ट्रीय जनसंख्या नीति और राष्ट्रीय स्वास्थ्य नीति लागू की गयी है।

इसके तहत जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिन राज्यों में जनसंख्या बढ़ रही है उनकी पहचान की गयी है और वहां लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि जनसंख्या वृद्धि दर दो प्रतिशत पर आ गयी है और इसे इसी स्तर पर स्थिर रखने की जरूरत है। परिवार नियोजन सफल हो रहा है और जन्म दर कम हो रहा है। सरकार सभी लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधायें उपलब्ध कराने का प्रयास कर रही है और आयुष्मान भारत योजना का लाभ गरीबों को दिलाया जा रहा है।

इससे लगभग तीन करोड़ लोग लाभान्वित हुये हैं। उन्होंने कहा कि देश में डेढ़ लाख हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर की स्थापना की जायेगी जिनमें से एक लाख 10 हजार का काम काज शुरू हो गया है।

यहां विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श कर लोगों की बीमारियों का समाधान किया जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री के इस आश्वासन के बाद  सिन्हा ने अपना निजी विधेयक वापस ले लिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.