After Header-1

ऋतु खंडूड़ी ने विधानसभा अध्यक्ष के लिए किया नामांकन

प्रदेश की पहली महिला स्पीकर बन कर ऋतु रचेंगी इतिहास 

पंत, यशपाल, कपूर, कुंजवाल व अग्रवाल जैसे वरिष्ठ विधायक संभाल चुके हैं पद 
देहरादून। उत्तराखंड की पांचवीं विधानसभा के अध्यक्ष के लिए निर्वाचन प्रक्रिया शुरू हो गयी है। बृहस्पतिवार को अध्यक्ष पद के लिए सत्तारूढ़ भाजपा की ओर से कोटद्वार की नव निर्वाचित विधायक ऋतु खंडूडी भूषण ने नामांकन किया।
नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ ही उनकी कैबिनेट के सदस्य, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक और तमाम विधायकगण भी मौजूद थे। भाजपा के प्रचंड बहुमत को देखते हुए ऋतु खंडूड़ी का नया विधानसभा अध्यक्ष बनना तय है।
कोटद्वार विधानसभा से विधायक ऋतु खंडूडी भूषण ने उत्तराखंड विधानसभा के इतिहास में पहली महिला प्रत्याशी के रूप में विधानसभा अध्यक्ष के पद के लिए नामांकन भरा। विधानसभा सचिव के कार्यालय में नामांकन प्रक्रिया पूर्ण की गई। बता दें कि विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए 24 एवं 25 मार्च नामांकन की तिथि रखी गई है।
शनिवार 26 मार्च को सदन में विधानसभा अध्यक्ष पद का चुनाव होगा। इस दौरान मुख्यमंत्री सहित मंत्रियों और विधायकों द्वारा ऋतु खंडूडी भूषण को बधाई एवं शुभकामनाएं दी गई। उत्तराखंड राज्य के बाद पहले स्पीकर स्व. प्रकाश पंत बने थे, उसके बाद क्रमश: यशपाल आर्य, स्व. हरवंश कपूर, गोविंद सिंह कुंजवाल व प्रेमचंद अग्रवाल इस संवैधानिक पद को सुशोभित कर चुके हैं।
उनके नामांकन में प्रस्तावक में खजान दास, मुन्ना सिंह चौहान, सरिता आर्या, दुर्गेश लाल, चंदन राम दास, प्रमोद नैनवाल, सविता कपूर, उमेश शर्मा, विनोद कंडारी, महेश जीना, भरत चौधरी, भोपाल राम टम्टा, बिशन सिंह चुफाल, सतपाल महाराज, मदन कौशिक, कैलाश चंद्र  रहे। इसके साथ ही उनका समर्थन करने वालों में विधायक सुरेश गड़िया, बृज भूषण गैरोला, राम सिंह केड़ा, शैला रानी रावत, सुरेश चौहान, मोहन सिंह बिष्ट, शक्ति लाल, रेणु बिष्ट, शिव अरोड़ा, अनिल नौटियाल, सौरभ बहुगुणा, रेखा आर्य, सुबोध उनियाल, दीवान सिंह बिष्ट मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.