‘द कश्मीर फाइल्स’ यथार्थ घटनाओं पर आधारित है : अजेय कुमार

देहरादून। भाजपा संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने कश्मीर की यथार्थ घटनाओं पर आधारित ‘द कश्मीर फाइल्स’ को सिनेमा हॉल में देखा। फिल्म देखने के बाद  कुमार ने कहा कि यह फिल्म यथार्थ घटनाओं पर आधारित है।

उन्होंने इसे मानवीय त्रासदी का जीवंत प्रमाण बताया और कहा कि इस फिल्म में प्रत्यक्ष रूप से मानवीय घटनाओं का जो चित्रण किया गया है, वह अपने आप में महत्वपूर्ण है। यह फिल्म 1990 में कश्मीरी पंडितों के पलायन को दिखाती है।

फिल्म का मुख्य नायक जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय के कृष्ण पंडित (दर्शन कुमार) एक युवा छात्र की कश्मीर यात्रा पर केंद्रित है, जो राधिका मेनन (पल्लवी जोशी) से प्रभावित होकर अपने ही लोगों के नरसंहार के बारे में जानकारी प्राप्त करते हैं।

फिल्म पलायन के आसपास की घटनाओं को नरसंहार के रूप में चित्रित करती है जिसमें भारी संख्या में कश्मीरी हिन्दुओं का नरसंहार तथा महिलाओं के साथ बलात्कार जैसी घटनाओं का यथार्थ चित्रण है।

उन्होंने कहा कि 1990 में कश्मीर घाटी में जो मानवीय त्रासदी हुई थी, ‘द कश्मीर फाइल्स’ उसका सजीव और मार्मिक चित्रण है। उन्होंने फिल्म निर्माताओं तथा कलाकारों का धन्यवाद किया जिन्होंने कश्मीर के हिंदुओं की पीड़ा, हालातों और जघन्य दास्तां को करीब से बड़े पर्दे पर उतारा।

उन्होंने कहा कि जिस मार्मिकता तथा यथार्थ के साथ फिल्मांकन किया गया है वह अपने में सराहनीय है। अजेय कुमार के अनुसार फिल्म में किये गये यथार्थ चित्रण को जनता सराह रही है और नम आंखों से सिनेमा हाल से वापस लौट रही है।

Leave a Reply