उत्तराखंड में आदर्श, सखी पोलिंग बूथों पर भी होगा मतदान, गर्भवती महिलाओं के लिये आराम कक्ष

उत्तराखंड में 5वीं विधानसभा चुनावों के लिये कल मतदान

देहरादून। उत्तराखंड में 5वीं विधानसभा चुनावों के लिये कल (सोमवार 14 फरवरी) को मतदान होगा। 150 आदर्श पोलिंग बूथ और 100 सखी पोलिंग बूथ स्थापित किये गये हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग  के अनुसार, जेंडर समानता व महिलाओं की निर्वाचन में भागीदारी निर्धारित करवाने के उद्देश्य से समस्त महिला प्रबंधित मतदान केन्द्र सखी पोलिंग बूथ स्थापित किये गये हैं।

इन केन्द्रों में चुनाव के दौरान समस्त मतदान स्टाफ, पुलिस व सुरक्षाकर्मी महिला ही तैनात किये गये हैं। पर्दानशीन (बुर्काधारी) महिलाओं के लिये विशेष व्यवस्था की गयी है। इनकी शिनाख्त व उंगली में अमिट स्याही का प्रयोग मतदान अधिकारी द्वारा उनकी सामाजिक भावना, गोपनीयता एवं शिष्टता को ध्यान में रखकर किया जायेगा।

गर्भवती महिलाओं के लिये आराम कक्ष

पहली बार इन चुनावों में गर्भवती महिलाओं के लिये विशेष तौर पर आराम कक्ष बनाया गया है। साथ ही, इस बात का ध्यान रखा जाएगा कि उन्हें लाइन में न खड़ा होना पड़े। राज्य में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक-एक सखी पोलिंग बूथ स्थापित किया गये हैं। इसके अलावा 30 और सखी पोलिंग बूथ स्थापित किये गये हैं।
इनमें उत्तरकाशी व चमोली जिले में तीन-तीन, रुद्रप्रयाग,बागेश्वर व चम्पावत में दो-दो, टिहरी, अल्मोड़ा एवं पौङी गढ़वाल में छह-छह, देहरादून में 18, हरिद्वार में 19, पिथौरागढ़ में चार, नैनीताल में 12 और ऊधमसिंह नगर जिले में 17 सखी पोलिंग बूथ स्थापित किये गये हैं। इसके अलावा, राज्य में 150 आदर्श पोलिंग बूथ स्थापित किये गये हैं।

इनमें उत्तरकाशी व चमोली जिले में छह-छह, रुद्रप्रयाग एवं चम्पावत में पांच-पांच, टिहरी,पौढ़ी गढ़वाल और अल्मोड़ा में 10-10, देहरादून में 23, हरिद्वार में 24, पिथौरागढ़ में आठ, बागेश्वर में पांच, नैनीताल में 17 और ऊधमसिंह नगर जिले में 21 आदर्श पोलिंग बूथ स्थापित किये गये हैं।
आदर्श पोलिंग बूथ तीन मानकों के अनुरूप स्थापित किये गये हैं।

भवन व सुविधाओं की भौतिक संरचना, पंक्ति प्रबंधन में सुधार और मतदान कर्मियों व स्वयं सेवकों का उचित व्यवहार। आदर्श पोलिंग बूथ में भवन व सुविधाओं की भौतिक संरचना के तहत सुनिश्चित किया गया है कि भवन अच्छी दशा में साफ-सुथरी दीवारों की पुताई के साथ निर्वाचन सम्बन्धी संदेश के रूप में वॉल पेटिंग की गई हो।

मतदाता कर्मियों व पोंलिंग एजेंट्स के लिये गुणवत्तायुक्त फर्नीचर की व्यवस्था की गई है। पोलिंग बूथ के बाहर डिस्प्ले बोर्ड लगाए हैं, जिनपर पोलिंग स्टेशन का नाम, निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन कार्यालय उत्तराखण्ड का लोगो (उत्तराखण्ड चुनाव कौथिग) मतदाता शपथ तथा प्रवेश व निकास का स्पष्ट उल्लेख है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.