मिशन-2022 : प्रियंका ने खोला वादों का पिटारा

उत्तराखंडी स्वाभिमान प्रतिज्ञा पत्र के जरिए कांग्रेस ने बताया अपना विजन

  • घोषणा पत्र में पांच लाख परिवारों को सालाना 40 हजार रुपए देने का बड़ा ऐलान

देहरादून। कांग्रेस ने घोषणा पत्र में पांच लाख परिवारों को सालाना 40 हजार रुपए देने का बड़ा ऐलान किया है। साथ ही, पार्टी ने चार लाख युवाओं रोजगार देने का वादा भी किया है।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने उत्तराखंडी स्वाभिमान प्रतिज्ञा पत्र देहरादून में जारी किया। इस अवसर पर कांग्रेस प्रभारी देवेंद्र यादव, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल आदि मौजूद रहे। कांग्रेस ने घोषणा पत्र में हर गांव हर द्वार स्वास्थ्य सुविधाएं देने का भी ऐलान किया है।

कांग्रेस ने यह भी कहा कि राज्य में गैस सिलेंडर के दाम 500 रुपए के पार नहीं होंगे। कांग्रेस पार्टी उत्तराखंड के लोगों के लिए रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा और आय की सुरक्षा की व्यवस्था और महंगाई से राहत दिलाने की प्रतिज्ञा लेती है। सरकार बनने के पहले वर्ष में 200 यूनिट तक बिजली मुफ्त दी जाएगी, इसके बाद चरणबद्ध तरीके से यह छूट बढ़ाई जाएगी।

प्रतिज्ञा पत्र में कहा गया है कि पोस्ट ग्रेजुएट स्टूडेंट को 5 लाख के स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड मिलेंगे। सरकारी नौकरी में लगी रोक को तत्काल हटाया जाएगा और वर्तमान में 57000 खाली पद हैं, जिनको पहले साल में भरा जाएगा। राज्य में लोकायुक्त व्यवस्था को लागू किया जाएगा।

पुलिस विभाग में खाली पदों को तत्काल भरा जाएगा जिसमें 40 फीसदी पद महिलाओं के लिए आरक्षित होंगे। अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति में ब्लॉक कैडर व्यवस्था को लागू किया जाएगा।

प्रदेश में समुचित शिक्षा ढांचा विकसित करने के लिए शिक्षा बजट में वृद्धि की जाएगी। शहीद सैनिकों के आश्रितों को दी जाने वाली राशि दोगुनी की जाएगी साथ ही प्रत्येक सहित परिवार के एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी दी जाएगी। खनिज उत्खनन को एक उद्योग और व्यापार के रूप में मान्यता और सम्मान प्राप्त होगा, अवैध खनन को बंद किया जाएगा।
प्रतिज्ञा पत्र के मुताबिक, 3पी मॉडल पर काम होंगे, प्रोड्यूस प्रोसेस और पार्टनर पर आधारित होंगे, ग्राम उद्यमिता पार्कों के माध्यम से सूक्ष्म और लघु उद्योगों को बढ़ावा दिया जाएगा, राज्य के 15 ब्लॉकों को संघ अंकल परियों के रूप में विकसित किया जाएगा।

नए फल नए बाजार की नीति को अपनाया जाएगा। राज्य की पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी बनाई जाएगी। चीनी मिलों का आधुनिकीकरण किया जाएगा और गन्ना किसानों के बकाया भुगतान की प्रक्रिया में सुधार किया जाएगा, ताकि गन्ना भुगतान समय से किया जा सकेगा।

किसान आंदोलन के दौरान जिन किसानों पर राजनीतिक द्वेष के तहत मुकदमा लगाए गए वो वापस होंगे। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी देहरादून में एक चुनावी जनसभा और वर्चुअल रैली को भी संबोधित किया।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने चारधाम यानि बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री को नमन कर अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने भाजपा सरकार पर हमला बोला और कहा कि पांच साल में भाजपा ने हर वादे को तोड़ा है। राज्य की महिलाएं महंगाई और समाज का बोझ उठा रही हैं। आशा और आंगनबाड़ी की महिलाएं परेशान हैं।

किसान नौजवान और दलित परेशान हैं। कहा कि कांग्रेस के समय में उत्तराखंड में विकास हुआ है। भाजपा रोजगार की नहीं, केवल धर्म की बात कर रही है। कहा कि कांग्रेस जनता के लिए काम करना चाहती है। प्रियंका गांधी ने कहा कि देश भर में गन्ने का बकाया 14,000 करोड़ रुपये है।

लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 16,000 करोड़ रुपये में अपने लिए दो हेलीकॉप्टर खरीदे हैं। इन हेलीकॉप्टरों की कीमत पर बकाया राशि का भुगतान किया जा सकता था। लेकिन उन्होंने इसके बजाय दो हेलीकॉप्टर खरीदे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने कोई काम नहीं किया। सिर्फ आपका पैसा बर्बाद किया है।

निर्वाचन आयोग की ओर से चुनावी रैलियों के लिए एक हजार लोगों की संख्या निर्धारित की गई थी। लेकिन कांग्रेस ने प्रियंका की इस रैली को वर्चुअल रूप से राज्य की सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों से जोड़ते हुए पूरे राज्य को कवर किया है।

Leave a Reply