उत्तर प्रदेश विधानसभा: जब अखिलेश और प्रियंका में हुयी दुआ सलाम

बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश विधानसभा की चुनावी महाभारत में विभिन्न दलों के नेताओं के बीच शब्द बाणों के प्रहार चरम पर हैं मगर इन सबके बीच बुलंदशहर में ऐसा मौका भी आया जब अपने अपने रथों पर सवार कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव एवं रालोद अध्यक्ष का आमना सामना हुआ और उन्होने विनम्रता के साथ एक दूसरे का अभिवादन कर राजनीतिक परिपक्वता की मिसाल पेश की।

दरअसल, बुलंदशहर के शिकारपुर कस्बे के निकट शाम करीब सात बजे अखिलेश-जयंत चौधरी का विजय रथ तथा प्रियंका गांधी का काफिला आमने-सामने टकरा गया।

इस दौरान प्रियंका गांधी ने अखिलेश के विजय रथ की ओर हाथ बढ़ा कर उनका अभिनंदन किया जिस पर अखिलेश व जयंत चौधरी ने भी विजय रथ वाहन की छत से हाथ जोड़कर गर्मजोशी से प्रियंका गांधी वाड्रा का अभिनंदन किया।

इस दौरान गठबंधन और कांग्रेस के कार्यकर्ता भी एक दूसरे का अभिनंदन कर रहे थे। गौरतलब है कि वर्ष 2017 का विधानसभा चुनाव सपा और कांग्रेस ने मिलकर लड़ा था जिसमें उन्हे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा था।

उस समय राहुल गांधी और अखिलेश यादव साथ मिल कर रैलियां और जनसभायें कर रहे थे। इस बार यूपी में विधानसभा चुनाव कांग्रेस अकेले दम पर लड़ रही है और पाटी की कमान राहुल की बहन प्रियंका ने संभाल रखी है।

कांग्रेस और सपा ने इस चुनाव में भी एक दूसरे के प्रति नरम रूख अपनाया हुआ है हालांकि दोनो दल भाजपा के खिलाफ आक्रामक है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.