चुनावी जंग में टेपिंग के तीर

नेताओं के करीबी उनकी ही बातें टेप कर उनका ऑडियो सोशल मीडिया में वायरल कर रहे हैं

  • तराई के एक भाजपा विधायक सीएम धामी को कोसते हुए कह रहे कि धामी बंपर वोटों से हार रहे
  • भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे व विधायक राजेश शुक्ला को भी भ्रष्ट बता रहे

देहरादून। चुनावी जंग में इस बार टेपिंग के तीर चल रहे हैं। नेताओं के करीबी उनकी ही बातें टेप कर उनका ऑडियो सोशल मीडिया में वायरल कर रहे हैं। ताजा मामला एक विधायक के वायरल ऑडियो का है। हालांकि राष्ट्रीय सहारा इन ऑडियो की पुष्टि नहीं करता पर सोशल मीडिया में ये ऑडियो रुद्रपुर विधायक राजकुमार ठुकराल का होने का दावा किया जा रहा है लेकिन राजकुमार ठुकराल ने ऑडियो में उनकी आवाज होने से इंकार करते हुए ऑडियो लीक करने वाले लोगों पर क्षेत्र का माहौल बिगाड़ने का इलजाम लगाते हुए ऊधमसिंह नगर के एसएसपी को तहरीर सौंपी है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
वायरल ऑडियो में ये कथित विधायक अपना टिकट कटने की आशंकाओं के बीच बहुसंख्यक समाज को गाली देता सुनाई दे रहे हैं। इस ऑडियो में भाषा इतनी अमर्यादित है कि उल्लेख नहीं किया जा सकता। तराई के बताए जा रहे इस विधायक के चार-पांच ऑडियो वायरल हो गए हैं,ऑडियो में हिन्दुओं को लेकर बेहद विवादित और अश्लील टिप्पणी करते सुने जा सकते हैं।

यह विधायक वह हैं जिनकी सीट पर अभी भाजपा ने फैसला नहीं लिया है। इन विधायक का जो ऑडियो वायरल हुआ है उसमें जहां वह एक ओर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के खटीमा से बंपर वोटों से हारने का दावा कर रहे हैं तो वहीं शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगा रहे हैं।

ये विधायक खटीमा में अजान पर भाषण रोक देने को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को कोसते हुए कह रहे हैं कि सीएम धामी बंपर वोटों से हार रहे हैं। एक अन्य ऑडियो में वह सीएम धामी
धामी सनसनीखेज आरोप लगाते कह रहे हैं कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक से लेकर शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे और किच्छा विधायक राजेश शुक्ला भ्रष्ट हैं। इस वायरल ऑडियो में वह कह रहे है कि शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे महाभ्रष्ट हैं और उनको हर काम के पैसे देने पड़ते हैं।

यहाँ तक कि उनके यहां बाथरूम भी करो तो उसके भी पैसे देने पड़ते हैं। वह कहते सुने जा सकते हैं कि अरविंद पांडे मंत्रियों में सबसे भ्रष्ट हैं और विधायकों में सबसे भ्रष्ट किच्छा विधायक राजेश शुक्ला हैं। वह हर जगह से लूट कर रहा,उससे कुछ बचता है तो उसके तीन करीबी पैसा वसूलने पहुंच जाते है।

वह भी विधायक से कम नहीं है। वह आगे कहते हैं कि इससे पहले मदन कौशिक थे जो अब लोकप्रिय बने हुए हैं। ऑडियो में किसी नरेंद्र शाह का नाम भी लेते सुनाई दे रहे हैं।
इतना ही नहीं तराई के यह विधायक एक अन्य वायरल अडियो में चुनाव सह प्रभारी लॉकेट चटर्जी पर अश्लील टिप्पणी करते हुए उनको पॉर्न फिल्मों की हीरोईन बताते सुने जा सकते हैं।
अपने विधायक का ऑडियो वायरल होने से भाजपा में हड़कंप है और पार्टी चुनाव के वक्त घर के भीतर से हुए ऐसे हमले को घातक मानकर असहज है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.