आप संयोजक केजरीवाल ने की घोषणा- भगवंत मान होंगे पंजाब में आप का सीएम का चेहरा

नयी दिल्ली। आप संयोजक एवं दिल्ली के सीएम  केजरीवाल ने घोषणा करते हुए कहा की आम आदमी पार्टी  सांसद भगवंत मान को मुख्यमंत्री का चेहरा बनाते हुये पंजाब विधानसभा चुनावों में उतरेगी। पंजाब में आप पहली ऐसी पार्टी बन गई है जिसने विधानसभा चुनावों के लिये अपना सीएम चेहरा घोषित कर दिया है।

उन्होंने कहा कि पूरा पंजाब आम आदमी पार्टी को एक उम्मीद के तौर पर देख रहा है। यह एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी है और मुझे यकीन है कि भगवंत मान हर पंजाबी के चेहरे पर मुस्कान लाएंगे। अगर मैं खुद भगवंत मान को पार्टी का सीएम चेहरा बना देता, तो लोग यही कहते कि दूसरी पार्टियों की तरह केजरीवाल ने भी भाई-भतीजावाद किया है।

इसलिए हमने एक फोन नंबर जारी कर पंजाब के तीन करोड़ लोगों से पूछा कि आप बताओ कि पंजाब का सीएम चेहरा कौन होना चाहिए? हमारे पास पूरे पंजाब से लोगों के एसएमएस, वाट्सएप और कॉल के जरिए 21 लाख 59 हजार 437 रिस्पॉस आए, जिसमें से 93.3 फीसद लोगों ने ‘आप’ के सीएम चेहरा के तौर पर भगवंत मान का नाम लिया।

उन्होंने कहा कि आज उसका ऐलान करने की वह घड़ी आ गई है। हमने सीएम चेहरा ढूंढने के लिए एक अलग प्रक्रिया की। पंजाब के अंदर हमने देखा कि दूसरी रवायती पार्टियां जो हैं, उनमें कोई अपने बेटे को सीएम चेहरा बना देती हैं, कोई अपने बहू को बना देता है और कोई अपने घर के आदमी को बना देता है।

इस बीच ‘आप’ पंजाब के प्रधान एवं सांसद भगवंत मान ने खुद को पार्टी का मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किये जाने पर भावुक हो गये और उनकी आंखों से आंसू निकल आये। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों और पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी दी है वह उसे दुगुने हौसले से निभाएंगे। पंजाब की रौनक फिर से लौटाना उनका सपना है।

मान ने कहा कि आज पंजाब के लिए एक बहुत बड़ा दिन है। पंजाब के लोगों के मन में भी बड़ी कौतुहल रही होगी कि आम आदमी पार्टी का सीएम चेहरा कौन होगा? मैं हमेशा से कहा है कि मैं आम आदमी पार्टी का एक सच्चा सिपाही हूं। मेरी ड्यूटी चाहे पोस्टर चिपकाने के लिए लगा दी जाए, मैं पोस्टर चिपका दूंगा, बशर्तें कि मेरा पंजाब ठीक कर दो। मेरी ड्यूटी लुधियाना के किसी चौक पर झाड़ू लगाने के लिए लगा दी जाए, तो मैं झाड़ू लगा दूंगा, बशर्तें की मेरा पंजाब ठीक कर दो। जब मैं कमेडियन था, तब लोग मेरा चेहरा देखकर पहले ही हंस देते थे।

जिंदगी में इतना बड़ा बदलाव आएगा, मैंने यह कभी नहीं सोचा था। अब जब मैं किसी बैठक या जनसभा में जाता हूं, वहां लोग मेरा चेहरा देखकर रोने लग जाते हैं कि पंजाब को बचा लो। हमारे बच्चे गलत संगत में पड़ गए हैं।

मैं अक्सर यही कहता था कि बचाने वाला परमात्मा है या बचाने वाली जनता है, आप लोग हैं। जनता को आगे आना होगा। हम तो बस एक जरिया बन सकते हैं। अब्दुल कलाम जी ने कहा था, ‘‘सपने वो नहीं होते हैं, जो सोकर देखे जाते हैं, सपने वो होते हैं, जो सोने नहीं देते हैं।’’ पंजाब को दोबारा अच्छा पंजाब बनाने का सपना आम आदमी पार्टी को सोने नहीं देता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.