विराट कोहली ने टेस्ट टीम की कप्तानी भी छोड़ी

नयी दिल्ली । दक्षिण अफ्रीका में पहली बार टेस्ट सीरीज जीतने में विफल रहने के अगले दिन  भारतीय टेस्ट कप्तान विराट कोहली ने कप्तानी छोड़ने का भी एलान कर दिया।

विराट ने टी 20 और वनडे की कप्तानी पहले ही छोड़ चुके हैं। विराट ने यह घोषणा करते हुए कहा, हर चीज को किसी समय रुकना पड़ता है और मेरे लिए भारत की टेस्ट कप्तानी छोड़ने का यह सही समय है।

 बीसीसीआई ने दक्षिण अफ्रीका दौरे से पहले उन्हें वनडे कप्तान के पद से हटा दिया था। विराट ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर जारी एक बयान में कहा,”पिछले सात वर्षों में रोजाना कड़ी मेहनत और अथक प्रयासों से टीम को सही दिशा में ले जाने का काम किया।

अपने सोशल मीडिया पोस्ट में विराट ने लिखा “लेकिन हर अच्छे चीज़ का अंत आता है और टेस्ट क्रिकेट की कप्तानी से हटने का यही समय है। इस यात्रा में कई उतार-चढ़ाव आए, लेकिन हमने कभी भी विश्वास या प्रयत्न की कमी नहीं दिखाई। मैं हमेशा से अपना 120% देने में विश्वास करता हूं और अगर मैं ऐसा करने में सक्षम नहीं हूं, तो नहीं करता।

उन्होंने इसके लिए बीसीसीआई, खिलाड़ियों, रवि शास्त्री और सपोर्ट स्टाफ को धन्यवाद दिया। इसके अलावा उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी को धन्यवाद दिया, जिनके 2014-15 में आस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सीरीज़ में कप्तानी छोड़ने के बाद विराट को टेस्ट कप्तानी मिली थी।

बीसीसीआई ने भी ट्वीट कर ‘अपने सबसे सफल कप्तान’ को उनके कप्तानी करियर के लिए बधाई दी है। उल्लेखनीय है कि कोहली ने 68 टेस्ट मैचों में कप्तानी की, जिसमें उन्हें 40 में जीत और 17 में हार का सामना करना पड़ा। वह भारत के सबसे सफल टेस्ट कप्तान हैं, वहीं 40 से अधिक टेस्ट जीतने वाले दुनिया के चार सफलतम कप्तानों में भी उनका नाम शामिल है। 

Leave A Reply

Your email address will not be published.