After Header-1

बीकानेर-गुवाहाटी एक्सप्रेस पटरी से उतरी, तीन लोगों की मौत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर ममता बनर्जी से की बात

कोलकाता। बीकानेर-गुवाहाटी एक्सप्रेस के कई डिब्बे गुरुवार शाम पांच बजे पश्चिम बंगाल में जलपाईगुड़ी के डोमोहानी में पटरी से उतर गए। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो चुकी है तथा कई लोगों के डिब्बों में फंसे होने की आशंका है।

डीएम ने कहा कि करीब 50 एंबुलेंस मौके पर हैं और यात्रियों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का प्रयास जारी है। आसपास के सभी सरकारी व निजी अस्पतालों को अलर्ट कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के समय ट्रेन की गति 40 किलोमीटर प्रति घंटा थी।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक ट्रेन संख्या 15633 गुरुवार सुबह 5.44 बजे ट्रेन पटना रेलवे स्टेशन से गुवाहाटी के लिए रवाना हुई थी। यह हादसा पश्चिम बंगाल में जलपाईगुड़ी न्यू डोमोहानी और न्यू मेनागोरी के बीच हुआ। बताया जा रहा है कि ट्रेन के 12 डिब्बे पटरी से उतर गए हैं।  रेलवे अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।

आपदा प्रबंधन और बचाव दल पहले ही मौके पर पहुंच चुके हैं और बचाव कार्य जारी है। कई यात्रियों के डिब्बों में फंसे होने की आशंका है, जिन्हें सुरक्षित निकालने के लिए अधिकारी कोशिश कर रहे हैं। अंधेरे की वजह से राहत एवं बचाव अभियान में मुश्किल आ रही हैं।

रेलवे ने इस हादसे की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही रेलवे ने हेल्पलाइन नंबर 8134054999 जारी किया है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने हेतु 50 से ज्यादा एंबुलेंस भेजी गई हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे के तुरंत बाद बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से फोन पर बात की है। बीकानेर एक्सप्रेस मंगलवार की रात राजस्थान के बीकानेर से रवाना हुई थी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.