आप का नव परिवर्तन संवाद शुरू,दिल्ली मॉडल की तर्ज पर होगा उत्तराखंड का विकास

नैनीताल। आम आदमी पार्टी (आप) का नव परिवर्तन संवाद सोमवार से शुरू हो गया है। दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने इसका शुभारंभ किया और कहा कि दिल्ली मॉडल की तर्ज पर उत्तराखंड का विकास किया जायेगा।

सिसोदिया ने प्रदेश की जनता से वर्चुअल संवाद किया। उन्होंने कहा कि जिस राज्य का जन्म संघर्षों से हुआ है उसकी जनता को 21 सालों में कुछ नहीं मिला है। उसके साथ धोखा हुआ है।

आरोप लगाया कि भाजपा और कांग्रेस ने बारी-बारी से प्रदेश को लूटा है। दिल्ली के उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 21 सालों से प्रदेश में स्कूल एवं अस्पतालों की हालत खराब है। रोजगार और पलायन बढ़ा है। सरकार रोजगार देने एवं पलायन रोकने में नाकाम रही हैं।

प्रदेश में जल संसाधनों के बावजूद लोगों जनता को दिल्ली की तर्ज पर मुफ्त बिजली नहीं दी जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उत्तराखंड में दिल्ली का मॉडल विकसित किया जायेगा।

सिसोदिया ने बेहद संक्षिप्त संबोधन में कहा कि प्रदेश को संवारना है और यहां के खेत खलिहानों एवं खंडहर मकानों को आबाद करना है, रोजगार तथा पर्यटन को बढ़ावा देना है या फिर प्रदेश को देश की अध्यात्मिक राजधानी बनानी है तो आप को वोट दें।

Leave a Reply