सोनोवाल ने कहा-हल्दिया जलमार्ग से जल्द शुरू होगी जेटी

नयी दिल्ली। पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानन्द सोनोवाल ने कहा है कि हल्दिया आंतरिक जलमार्ग बंदरगाह के लिये ठेका दिया जा चुका है और जल्द ही इससे जेटी शुरू हो जायेगी।

सोनोवाल ने बताया कि इससे आयात-निर्यात तथा आंतरिक माल का आवागमन गुवाहाटी के पान्डू बंदरगाह के लिये चालू हो जायेगा और राष्ट्रीय जलमार्ग-2 के जरिए पूर्वोत्तर क्षेत्र कोलकाता से जुड़ जायेगा।

उनका कहना था कि इससे ‘चिकेन-नेक’ यानी सिलीगुड़ी कॉरिडोर का विकल्प तैयार हो जायेगा जिसके जरिए पूर्वोत्तर क्षेत्र से देश के अन्य राज्यों तथा विदेशों के लिये माल का आवागमन सस्ता और आसान हो जायेगा।

उन्होंने कहा कि कोलकाता और हल्दिया बंदरगाह के गोदी और जहाजरानी उद्योग से जुड़े पक्षों के साथ बातचीत की गई है।

जिन पक्षों से इस संबंध में वार्ता हुई है उनमें सार्वजनिक क्षेत्र की प्रमुख तेल कंपनियों, टाटा स्टील और सेल जैसी इस्पात कंपनियों, बंदरगाह संचालकों, जहाजरानी कंपनियों, मालवाहक पोतों के संचालकों, सीमा शुल्क क्लियरिंग एजेंटों और श्यामा प्रसाद मुखर्जी बंदरगाह की जमीन का इस्तेमाल करने वाले शामिल हैं।

सोनोवाल ने कहा कि राष्ट्रीय जलमार्ग एक और दो के रखरखाव का ठेका दिया जा चुका है, जिसके तहत पानी की गहराई कायम रखी जायेगी। उन्होंने यह भी कहा कि बैंकों को गारंटी देने पर भी विचार किया जा रहा है, जिससे मालवाहक पोतों को आसान और सरल नियमों के तहत बैंकों से धनराशि मिले और यह क्षेत्र विकास कर सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.