सुरक्षा बलों ने जैश ए-मोहम्मद के दो लोगों को किया गिरफ्तार

श्रीनगर। सुरक्षा बलों ने जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में आतंकवादी संगठन जैश ए-मोहम्मद से जुड़े दो लोगों को गिरफ्तार किया है। ये आतंकवादी जैश के कमांडरों तथा अधिकारियों के सम्पर्क में रहने के अलावा अवंतिपोरा तथा त्राल में आतंकवादी गतिविधियों में सक्रिय थे।

पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आतंकवादियों की पहचान उमर रमजान तथा जाविद अहमद मल के तौर पर हुई है। दोनों जैश के कमांडरों के सम्पर्क में थे। इन दोनों को पुलिस, सेना तथा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया।

देश विरोधी गतिविधियों के बारे में पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस ने 55 राष्ट्रीय राइफल तथा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 182वीं बटालियन ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार किया।

ये दोनों आतंकवादियों को शरण देने, रसद आपूर्ति तथा अन्य सहायता मुहैया कराने काम करते थे। इसके साथ ही ये दोनों अवंतिपोरा तथा त्राल क्षेत्र में हथियारों/ गोलाबारूद तथा विस्फोटक पदार्थों का परिवहन करते थे।

पुलिस प्रवक्ता ने कहा,‘ जैश के कमांडरों के सम्पर्क में रहने वाले आतंकवादियों के दो सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया है। ये दोनों आतंकवादी नेटवर्क को मजबूत करने के लिए हथियारों/ गोलाबारूद का परिवहन करने तथा अन्य रसद मुहैया कराते थे। पकड़े गए आतंकवादियों के पास से आपत्तिजनक सामग्रियां बरामद की गयी हैं।’’ इस संबंध में लिटर थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.