कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर जमकर किया प्रहार

कांग्रेस की वापसी के लिए कार्यकर्ताओं से रैली से संकल्प लेकर लौटने का किया आह्वान

देहरादून। उत्तराखण्ड विधानसभा चुनाव का कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव राहुल गांधी ने दून में रैली कर शंखनाद कर दिया है। राहुल गांधी ने भाजपा की नीतियों पर कड़ा प्रहार किया। साथ ही लोकतंत्र को बचाने के लिए कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में भाजपा को सत्ता से उखाडऩे के लिए जोश भर दिया।
वहीं, राहुल गांधी के रैली में पहुंचने से पहले प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं और विधायकों ने भी जमकर भाजपा पर हमला बोला। देश में बढ़ती महंगाई को लेकर कांग्रेसी मुखर रहे। हर वक्ता ने कांग्रेस की वापसी के लिए कार्यकर्ताओं से रैली से संकल्प लेकर लौटने का आह्वान किया।
कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष तिलकराज बेहड़ ने कहा उत्तराखण्ड में साढ़े चार साल भाजपा सरकार ने लूटने का काम किया है। डबल इंजन की सरकार ने समाज के हर वर्ग पर महंगाई की मार मारी है। फिर चाहे गैस, पेट्रोल, डीजल, निर्माण सामग्री और खाद्य सामग्री ही क्यों न हो।
उन्होंने  कहा एक साल से सिंधु बार्डर पर किसान काले कृषि कानून को लेकर लड़ाई लड़ रही थी। आखिर में केन्द्र सरकार को झुकना पड़ा। कांग्रेस ने किसानों के इस आंदोलन को पूर्ण समर्थन दिया।
उन्होंने कहा एक तरफ भारत कृषि प्रधान देश है। लेकिन फिर भी किसानों का उत्पीडऩ हो रहा है। उन्होंने कहा किसानों की जीत से भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। उत्तराखण्ड में 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का परचम लहराएगा। कार्यकारी अध्यक्ष जीतराम ने कहा भाजपा 2014 और 2017 के लोकसभा चुनाव में भाजपा महंगाई को कम करने व युवाओं को रोजगार देने के मुद्दों को लेकर सत्ता में काबिज हुई थी।
लेकिन सत्ता हासिल करते ही यह वादे चुनावी जुमले साबित हो गए। उन्होंने कहा कांग्रेस ने देश के लिए कुर्बानियां दी। सभी युद्ध कांग्रेस के समय लड़े गए। कांग्रेस ने देश की सुरक्षा के लिए सैन्य इकाईयां का गठन किया। लेकिन बहुरूपीय सरकार ने आते ही लोगों को गुमराह करना शुरू कर दिया। डबल इंजन सरकार की जनता असलियत जान चुकी है। राहुल गांधी के नेतृत्व में विधानसभा चुनाव में कांग्रेस जुमले बाज सरकार को सत्ता से बेदखल कर देगी। विधायक यशपाल आर्य ने कहा भाजपा इतिहास बदलना चाहती है। पूरा देश 1971 के युद्ध में भारतीय सेना की शौर्यगाथा को विजय दिवस के रूप में मना रहा है।
पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी के कुशल नेतृत्व में भारतीय सेना ने अपने पराक्रम से पाकिस्तान की सेना को घुटने के बल ला दिया। लेकिन आज विजय दिवस पर भाजपा स्वर्गीय इंदिरा गांधी का नाम तक लेने से परहेज कर रही है।
उन्होंने कहा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव राहुल गांधी भाजपा की गलत नीतियों के विरोध में मुखर होकर लड़ रहे है। संसद के अंदर से लेकर बाहर तक वे भाजपा की नीतियों के विरोध में संघर्ष कर रहे है। उन्होंने कहा कांग्रेस के लोकतंत्र बचाओं अभियान 2022 का चुनाव तय कर देगा कि यह लड़ाई लोकतंत्र को बचाने के लिए लड़ी जा रही है। इसकी शुरूआत हो चुकी है। भाजपा को उत्तराखण्ड मुक्त करने के लिए सभी को एकजुट होकर इसकी गलत नीतियों लोगों तक पहुंचाना होगा। पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने कहा कि राहुल गांधी देश को बचाने के लिए लड़ाई लड़ रहे है। हम सब को उनका साथ देना होगा। विधायक काजी निजामुद्दीन ने कहा भाजपा सरकार के राज में हमारी सीमाएं और युवा सुरक्षित नहीं हे। किसानों के प्रति सरकार संवेदनशील नहीं है। व्यापारी परेशान है। महंगाई बढ़ रही है और आमदनी घट रही है। सरकार पूरी तरह से खनन पर अपनी आर्थिक स्थिति को संभाल रही है। उन्होंने कहा आज फिर देश को इस मुश्किल हालात में उसी खून की जरूरत है, जिसने देश के लिए कुर्बानी दी। राहुल गांधी के नेतृत्व में देश के लोकतंत्र को बचाना होगा। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल ने कहा भाजपा फेरब के बल पर सत्ता में आती है। लेकिन सत्ता में आते ही फिर किसी को नहीं देखती। सत्ता में आने के बाद भाजपा ने कोई नया काम नहीं किया। सरकार ने कांग्रेस के समय शुरू की गई कुछ योजनाओं को पूरा कर उसका श्रेय लिया है और कुछ कल्याणकारी योजनाओं को राजनीतिक द्वेष के चलते बंद कर दिया है। उन्होंने कहा 2022 के चुनाव में अब जनता ने मन बना लिया है कि प्रदेश में फिर कांग्रेस की सरकार बने। इसी के लिए सभी को आज की रैली से प्रण लेकर जाना होगा। विधायक संजीव आर्य ने कहा उत्तराखण्ड में राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस 2022 के विधानसभा चुनाव का लक्ष्य हासिल करेगी। कांग्रेस का कार्यकर्ता लोकतंत्र बचाओं अभियान में जनजन तक भाजपा की गलत नीतियों को पहुंचाएं। उन्होंने कहा प्रदेश में भाजपा 2017 में किए गए वादों को प्रचण्ड बहुमत के बाद भी खरी नहीं उतरी।
डबल इंजन की सरकार प्रदेश में पूरी तरह फेल रही। साढ़े चार साल में महंगाई की मार झेल रही जनता अब कांग्रेस की तरफ आशा भरी निगाहों से देख रही है। उत्तराखण्ड में आने वाले समय पर कांग्रेस सरकार बनाएगी और जनता की उम्मीदों को पूरा करेगी। विधायक करण महारा ने कहा भाजपा सरकार ने जनरल हणुत तक का अपमान किया था। उन्होंने कहा भाजपा की नीतियां हमेशा जनविरोधी रही। देश में सरकार सिर्फ पूंजीपतियों के लिए काम कर रही है। आम जनता से केन्द्र और प्रदेश सरकार को कोई लेना देना नहीं है।

Leave a Reply