After Header-1

भाजपा छल-कपट के दल-दल में झूठ के फूल खिला रही है: अखिलेश यादव

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा छल-कपट के दल-दल में झूठ के फूल खिला रही है। साथ ही भाजपा पर महंगाई और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप भी लगाया।

उन्होने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भाजपा ने किसान की आय दुगनी करने के बजाय महंगाई दोगुनी कर दी। उनकी पार्टी का सीधा निशाना भाजपा को हराने पर है। इस बार 400 से भी ज्यादा सीटों पर सपा की जीत तय है। यह बात भाजपा को भी पता चल गई है।

अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार में भेद-भाव, बेरोजगारी, अन्याय, अत्याचार, बहुत बढ़ गया है। ऐसा अन्याय उत्पीड़न आज तक कभी नहीं हुआ। भाजपा ने अपना चुनाव घोषणा पत्र में किया वादा पूरा नहीं किया। आज किसानों को धान की कीमत नहीं मिल रही है। किसानों को मजबूरी में धान जलाना पड़ रहा हैं। सरकार ने समय रहते खाद नहीं खरीदा। खाद के लिए किसान की जान चली गयी। डीजल-पेट्रोल रसोईगैस के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं। महंगाई बहुत बढ़ गई है। भाजपा सरकार बताए की डीजल-पेट्रोल का मुनाफा किसकी जेब में जा रहा है। उन्होने कहा कि चुनाव आता देख भाजपा सरकार उद्घाटन करने में जुट गई है। जौनपुर में बन रहे मेडिकल कॉलेज का काम भाजपा सरकार ने साढ़े चार साल में पूरा नहीं होने दिया। गरीबों को कैंसर का इलाज नहीं होने दिया। बदायूं, आजमगढ़, सहारनपुर, बांदा, केजीएमयू, डॉ राममनोहर लोहिया संस्थान का बजट घटा दिया। इस सरकार ने स्वास्थ्य का ढांचा ध्वस्त कर दिया। इसी तरह से शिक्षा का ढांचा ध्वस्त हो गया। आज स्कूलों में पढ़ाई नहीं हो पा रही है। गन्ना किसानों का आज भी बकाया है। अखिलेश ने कहा कि प्रदेश की जनता को समाजवादी पार्टी के घोषणा पत्र पर भरोसा है। जनता जानती है कि सपा सरकार घोषणा पत्र के वादे पूरे करने के अलावा घोषणा पत्र के वादों से भी ज्यादा काम करती है। लखनऊ में मेट्रो, आई.टी. सिटी और नोएडा में सैमसंग के प्लान्ट इसके उदाहरण हैं। प्रदीप

Leave A Reply

Your email address will not be published.