बारिश से सरयू नदी उफनाई, पेयजल संकट गहराया

बागेश्वर । अक्टूबर में भी मौसम का मिजाज बरसातों जैसा हो रहा है। लगातार हो
रही बारिश से सरयू नदी उफान पर आ गई। जिला मुख्यालय में जल पुलिस ने लोगों
को नदी में नहीं जाने की चेतावनी दी है। नदी उफनाने से पेयजल संकट भी गहरा
गया। पंपों में सिल्ट भर जाने से आपूर्ति ठप रही। लगातार बारिश से किसानों को भी
नुकसान हो रहा है।
मालूम हो कि 20 सितंबर के बाद समूचे पहाड़ों में धान की कटाई तथा मढ़ाई शुरू हो जाती है, लेकिन अक्टूबर शुरू होने के बाद भी बारिश पीछा नहीं छोड़ रही है। इससे लोग परेशान हो गए हैं। बृहस्पतिवार की रात कपकोट में भारी बारिश होने से जिला मुख्यालय में सरयू उफान पर आ गई। एकाएक जलस्तर बढ़ने से लोग भी सकते में आ गए। जल पुलिस तथा नगर पालिका ने लोगों को सजग किया और नदी किनारे नहीं जाने की हिदायत दी।
इधर पेयजल पंप में सिल्ट भरने से नगर की पेयजल आपूर्ति भी ठप रही। लोगों ने श्री नौला, मांग के धारे के अलावा हैंडपंपों से पानी लाकर अपनी प्यास बुझाई। इधर किसान हरीश सिंह, किशन सिंह, मनोज, पीतांबर, बहादुर सिंह ने बताया कि इस बार मौसम से उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया है। धान पककर तैयार हैं। जरा सी हवा में दाना खेतों में गिर रहा है। प्रभारी कोतवाल खष्टी बिष्ट ने बताया कि नदी किनारे जल पुलिस की तैनाती की गई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.