धामी ने ‘पब्लिक आई एप’ और ‘मिशन गौरा शक्ति एप’ किया लांच

देहरादून।  पुलिस विभाग द्वारा तैयार की गई ‘पब्लिक आई एप’ तथा महिला सुरक्षा हेतु ‘मिशन गौरा शक्ति एप’ का गुरुवार को मुख्यमंत्री  ने शुभारम्भ किया। इस अवसर पर, धामी राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) द्वारा पर्यावरण संरक्षण, कोविड जागरूकता, हानिकारक कूड़े के निस्तारण व जोखिम पूर्ण स्थानों के चिन्हीकरण के लिए चलाये जा रहे माउण्ट गंगोत्री-1 पर्वतारोहण अभियान का फ्लैग आफ भी किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने अभियोगों की विवेचना में गुणात्मक सुधार तथा सफल अनावरण हेतु विवेचकों को स्मार्ट एविडेंस टूलकिट टेबलेट भी प्रदान किये।

पुलिस मुख्यालय में आयोजित समारोह से पूर्व, श्री धामी ने राज्य पुलिस विभाग की समीक्षा बैठक भी ली। उन्होंने कहा कि पुलिस में खेल कोटे की भर्ती शुरू की जायेगी। पीएसी के जवानों को बसों की व्यवस्था की जायेगी। उत्तराखण्ड में शीघ्र एंटी ड्रग पॉलिसी बनायी जायेगी। पुलिस विभाग में रिक्त पदों पर जल्द भर्ती की जायेगी। पुलिस विभाग के आरक्षियों के ग्रेड पे के संबंध में कैबिनेट सब कमेटी का गठन किया गया है। इसमें जल्द उचित समाधान निकाला जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड धर्म स्वतंत्रता अधिनियम 2018 को और सख्त बनाया जायेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस व्यवस्था किसी भी राज्य की सुरक्षा एवं समृद्धि का एक आवश्यक अंग है। उत्तराखंड पुलिस द्वारा राज्य में अच्छा कार्य किया जा रहा है। उन्होंने घोषणा की कि इनामी अपराधियों को पकड़ने हेतु पुरस्कार राशि बढ़ायी जाएगी। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में पुलिस द्वारा मिशन हौंसला के तहत सराहनीय कार्य किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्मार्ट पुलिस बनाने का जो विजन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का है, उसको पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड पुलिस को आधुनिक बनाने में जो भी आवश्यकता होगी, उसे पूरा करने का प्रयास किया जायेगा। उन्होंने कहा कि कांस्टेबल, हेड कांस्टेबल, सब इंस्पेक्टर एवं इंस्पेक्टर को कोविड-19 में उनके द्वारा किये जा रहे सराहनीय कार्यों एवं सेवाओं के लिये 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि जल्द दी जायेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.