स्कूल खोलने के शासनादेश और कैबिनेट के निर्णय पर हाईकोर्ट ने जवाब मांगा

दो सप्ताह बाद होगी सुनवाई,जनहित याचिकाकर्ता ने उठाए हैं कई गंभीर सवाल

नैनीताल । कोरोना काल में दो अगस्त से कक्षा 9 से 12 तक के स्कूल खोले जाने के कैबिनेट के निर्णय एवं 31 जुलाई के शासनादेश को चुनौती देने वाली एक जनहित याचिका के मामले में नैनीताल उच्च न्यायालय ने राज्य सरकार का जवाब तलब कर दिया है। इसके लिए सरकार को 17 अगस्त तक का समय दिया गया है। इसके साथ ही अगली सुनवाई दो सप्ताह के बाद की नियत कर दी है। 
बुधवार को यह जवाब तलब देहरादून निवासी विजय सिंह पाल की एक जनहित याचिका की सुनवाई करते हुए मुख्य न्यायाधीश आरएस चौहान एवं न्यायमूर्ति आलोक कुमार वर्मा की संयुक्त खंडपीठ न किया। याचिकाकर्ता का कहना है कि 31 जुलाई के शासनादेश में कई तरह की खामियां हैं। क्योंकि पहाड़ी क्षेत्र के स्कूल इन मानकों को पूरा नहीं कर सकते हैं। शासनादेश में लिखा है कि स्कूल दो पालियों में खोले जाएंगे। पहली पाली में 9 से 12 तक कक्षाओं के बच्चे शामिल होंगे। उनकी कक्षाएं चार घंटे चलेंगी। दूसरी पारी में 6 से 8 तक की कक्षाएं चलेंगी। मध्याह्न में कक्षाओं को पूर्ण रूप से सेनेटाइज किया जाएगा। शनिवार एवं रविवार को सारा स्कूल सेनेटाइज जिला प्रशासन, नगर पालिका व स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से होंगे। इसकी जिम्मेदारी प्रत्येक जिले के मुख्य शिक्षा अधिकारी की होगी। याचिकाकर्ता का कहना है कि पहाड़ी इलाकों और गैर नगरीय क्षेत्रों में इस आदेश का पालन करना नामुमकिन है। 
याचिकाकर्ता का का कहना है कि जीओं में बिना अभिभावकों के सहमति के बच्चों को स्कूल न बुलाए जाने का मानक है। कक्षाएं ऑनलाइन और भौतिक रूप से चलाने का भी जिक्र किया गया है। याचिकाकर्ता का कहना है कि  पिछले डेढ़ साल से बच्चों की स्कूल जाने की आदत छूट चुकी है। 
याचिकाकर्ता का यह भी कहना है कि कैबिनेट के एक निर्णय से दो अगस्त से कक्षा 9 से 12 तक के स्कूल खोल दिए गए हैं। 16 अगस्त से कक्षा छह से बारहवीं तक के स्कूल खोलने जा रही है। प्रदेश में कोरोना के केस अभी भी मिल रहे हैं। याचिकाकर्ता का यह भी कहना है कि राज्य के पहाड़ी क्षेत्रों में अभी भी कितने लोगों को वैक्सीन की पहली डोज तक नहीं लगी है। इस कारण सरकार द्वारा स्कूल खोले जाने का निर्णय गलत है। याचिकाकर्ता ने सवाल उठाया है कि जब शहरों में एसओपी का पालन नहीं हो पा रहा है तो स्कूलों में कहां से होगा ।

Leave A Reply

Your email address will not be published.