सत्ता के लालच में यूपी को जनता को बदनाम करना छोड़ें : योगी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सत्ता के लालच में मानवता को शर्मसार करने वाले प्रदेश की जनता को अपमानित और बदनाम करना छोड़ दे तो उनके लिये यही बेहतर होगा।  योगी ने ट्वीट किया  प्रभु श्री राम की पहली सीख है-‘सत्य बोलना’ जो आपने कभी जीवन में किया नहीं। शर्म आनी चाहिए कि पुलिस द्वारा सच्चाई बताने के बाद भी आप समाज में जहर फैलाने में लगे हैं। सत्ता के लालच में मानवता को शर्मसार कर रहे हैं।

उत्तर प्रदेश की जनता को अपमानित करना, उन्हें बदनाम करना छोड़ दें। मुख्यमंत्री का यह ट्वीट श्री गांधी के उस ट्वीट के बाद आया जब उन्होने लिखा‘ मै यह मानने को तैयार नहीं हूं कि श्रीराम के सच्चे भक्त ऐसा कर सकते हैं। ऐसी क्रूरता मानवता से कोसों दूर है और समाज व धर्म दोनो के लिये शर्मनाक है।

दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में समुदाय विशेष के एक बुजुर्ग के साथ कुछ युवक मारपीट कर रहे है। आरोप लगाया गया है कि पिछली पांच जून को बुजुर्ग के साथ मारपीट जय श्रीराम का नारा लगाने को लेकर की गयी है। इस संबंध में गाजियाबाद पुलिस का कहना है कि बुजुर्ग व्यक्ति फायदे गिनाते हुये ताबीज बेचता है जिसका असर न होने से कुद्ध कुछ युवकों ने उसके साथ मारपीट की जिसमें कुछ मुस्लिम युवक भी थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.