पूर्वी लद्दाख में भारत ने सैन्य बुनियादी ढांचे को बढ़ाया

नयी दिल्ली। पूर्वी लद्दाख में विवाद वाले बिंदुओं पर सीमा विवाद को सुलझाने के लिए भारतीय और चीनी सैन्य प्रतिनिधियों के बीच 11 दौर की बातचीत हुई है। बातचीत में दोनों देश इस विवाद को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने पर सहमत हो गए हैं। भारतीय सेना ने पिछले एक साल में लद्दाख में चीन के साथ किसी भी संभावित लड़ाई का सामना करने के लिए बेहतर तरीके से तैयार होने पर ध्यान केंद्रित किया है।

भारत ने सैन्य बुनियादी ढांचे को बढ़ाया है और जवानों की तैनाती 50,000 से 60,000 सैनिकों तक बढ़ा दी है। यही नहीं, भारत ने तेजी से सुरक्षाबल जुटाने के लिए कनेक्टिविटी में सुधार के लिए बेहतर सड़कों के निर्माण कार्य पर भी जोर दिया है।पिछले एक साल से लद्दाख में जमीन पर 50,000 से अधिक सैनिकों की तैनाती के साथ सुरक्षा बल हाई अलर्ट पर है।

इस दौरान भारतीय जवान कड़ाके की सर्दी के बावजूद भी उन स्थानों पर डटे रहे, जहां तापमान शून्य से 40 डिग्री सेल्सियस नीचे चला जाता है।पिछले महीने, भारतीय सेना प्रमुख जनरल एम. एम. नरवणे ने कहा था कि चीनी पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) की गतिविधियों पर नजर रखते हुए सेना एलएसी पर हाई अलर्ट पर है।नरवणे ने कहा कि भारत चाहता है कि अप्रैल 2020 की यथास्थिति बहाल हो।

उन्होंने यह भी कहा कि भारत ने चीन को स्पष्ट कर दिया है कि तनाव कम करने पर तभी विचार किया जाएगा, जब दोनों पक्षों की आपसी संतुष्टि के लिए अग्रिम स्थानों से सैनिकों की वापसी का काम पूरा हो जाए।
उन्होंने कहा कि भारतीय सैनिक हाई अलर्ट पर हैं और पैंगोंग नदी से हटने के बाद से तैनाती कम नहीं हुई है। सेना प्रमुख ने कहा कि चीन ने पूर्वी लद्दाख में लगभग 50,000 से 60,000 सैनिकों को तत्काल अंदर के स्थानों पर तैनात किया है, इसलिए भारत ने भी इसी तरह की तैनाती की है।
समाधान खोजने के लिए कोर कमांडर स्तर पर 11 दौर की सैन्य वार्ता के बाद भी पैंगोंग में सैनिकों की पीछे हटने के बावजूद पूरी तरह से सैनिकों की वापसी को लेकर कोई सफलता नहीं मिली है।हॉट स्प्रिंग्स, गोगरा और 900 वर्ग किलोमीटर के देपसांग मैदानों जैसे अन्य विवाद वाले क्षेत्रों में सीमा विवादों को सुलझाने के लिए भारतीय और चीनी सेनाएं मिल चुकी हैं।

नरवणे ने यह भी कहा कि हम वर्तमान में हॉट स्प्रिंग्स, गोगरा और देपसांग जैसे अन्य विवाद वाले बिंदुओं पर बकाया समस्याओं को हल करने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि पैंगोंग झील क्षेत्र में सैनिकों के पीछे हटने से संबंधित समझौते के दौरान भारत का रुख वही रहा है कि अप्रैल 2020 की यथास्थिति को बहाल किया जाना चाहिए।

सेना प्रमुख ने यह भी कहा कि दोनों देशों के बीच विश्वास का स्तर कम है, लेकिन उन्होंने कहा कि विश्वास की कमी बातचीत की प्रक्रिया में बाधा नहीं बननी चाहिए।पिछले साल 15 जून को गलवान घाटी में दोनों देशों की सेनाओं के बीच खूनी संघर्ष में 20 भारतीय जवान शहीद हो गए थे। इस झड़प में चीन ने अपने चार सैनिकों के मारे जाने की पुष्टि की थी। हालांकि कई रिपोर्ट्स में चीन के अधिक सैनिक मारे जाने की खबरें सामने आई हैं।

Leave a Reply