After Header-1

सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में मारा गया माओवादी नेता 

भुवनेश्वर। ओडिशा के बरगढ़ जिले के झांज रिजर्व फॉरेस्ट में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में माओवादियों का एक शीर्ष नेता रवींद्र मारा गया। ओडिशा के पुलिस महानिदेशक अभय ने इसे राज्य में माओवादियों के विरोध अभियान में राज्य पुलिस की एक बड़ी सफलता बताया है।

इस शीर्ष माओवादी नेता पर पांच लाख रुपये नकद इनाम था। श्री अभय ने बताया कि सुरक्षा बलों ने मारे गये माओवादी के पास एक एके 47 राइफल, तीन मैगजीन, कई गोलियां और अन्य सामग्री बरामद की है। आईजी  अमिताभ ठाकुर ने बताया कि सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ के दौरान यह माओवादी मारा गया, जिसकी पहचान रवींद्र के रूप में हुई है और इसपर पांच लाख रुपये नकद इनाम था।

उन्होंने बताया कि एक खुफिया सूचना के आधार पर बरगढ़ डिस्ट्रिक्ट फोर्स आफ ओडिशा पुलिस और माओवादी विरोधी अभियान में प्रशिक्षित विशेष अभियान समूह (एसओजी) कमांडो के एक संयुक्त बल ने तलाश अभियान शुरू किया।

ठाकुर ने बताया कि तलाश अभियान के दौरान 10-12 सशस्त्र माओवादियों के एक दल ने सुरक्षा बलों पर गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच करीब 30 मिनट तक मुठभेड़ चला और इस दौरान माओवादी रवींद्र मारा गया। उन्होंने बताया कि इस घटना के बाद अन्य माओवादियों को पकड़ने के लिये क्षेत्र में एक बड़ा अभियान शुरू कर दिया गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.