विश्व पर्यावरण दिवसः PM मोदी ने कहा, इथेनॉल क्षेत्र का विकास देश की प्राथमिकता

नई दिल्ली। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि इथेनॉल क्षेत्र का विकास 21वीं सदी में देश की प्राथमिकता बन गया है और इसका पर्यावरण तथा किसानों दोनों के जीवन पर सकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।

समारोह का आयोजन पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय तथा पर्यावरण,वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। प्रधानमंत्री ने इस दौरान पुणे के एक किसान के साथ बातचीत भी की जिन्होंने जैविक खेती और कृषि में जैव-ईंधन के उपयोग के बारे में अपने अनुभव को साझा किया।

प्रधानमंत्री ने रिपोर्ट आफ द एक्सपर्ट कमेटी आन रोडमैप फॉर इथेनॉल ब्लेंंडिग इन इंडिया 2020-2025 जारी की। उन्होंने पुणे में इथेनॉल के उत्पादन और पूरे देश में वितरण के लिए महत्वाकांक्षी ई-100 पायलट परियोजनाका शुभारंभ किया। इस वर्ष के समारोह का विषय बेहतर पर्यावरण के लिए जैव-ईंधन को प्रोत्साहन था। मोदी ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर इथेनॉल क्षेत्र के विकास के लिए विस्तृत रोडमैप जारी करके देश ने एक और छलांग लगाई है क्योंकि इथेनॉल 21वीं सदी के भारत की बड़ी प्राथमिकता बन गई है।

उन्होंने कहा कि इथेनॉल पर फोकस करने का बेहतर प्रभाव पयार्वरण के साथ-साथ किसानों के जीवन पर भी हो रहा है। सरकार ने पेट्रोल में 20 प्रतिशत इथेनॉल मिश्रण के लक्ष्य प्राप्त करने का समय कम करके 2025 करने का संकल्प लिया है। इससेपहले इस लक्ष्य की प्राप्ति का समय 2030 तय किया गया था जिसे5 वर्ष कम कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि 2014 तक पेट्रोल में औसत रूप में केवल 1.5 प्रतिशत इथेनॉल मिलाया जाता था जो अब बढ़कर 8.5 प्रतिशत हो गया है।

वर्ष 2013-14 में देश में लगभग 38 करोड़ लीटर इथेनॉल की खरीद हुई थी जो अब बढ़कर 320 करोड़ लीटर हो गई है। उन्होंने कहा कि इथेनॉल खरीद में आठ गुना वृद्धि से देश के गन्ना उत्पादक किसानों को लाभ हुआ है। प्रधानमंत्री ने कहा कि 21वीं सदी का भारत आधुनिक सोच और 21वीं सदी की आधुनिक नीतियों से ही ऊर्जा प्राप्त कर सकता है। सरकार इसी सोच के साथ लगातार हर क्षेत्र में नीतिगत फैसले ले रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.