After Header-1

कोविड काल में सूचना विभाग की भूमिका काफी महत्वपूर्ण: रणवीर सिंह चौहान

देहरादून । सूचना महानिदेशक रणवीर सिंह चौहान ने वर्चुअल माध्यम से सूचना विभाग के अधिकारियों की बैठक लेते हुए कहा कि कोविड-19 के चुनौतीपूर्ण समय में जनता तक सही एवं समय पर सूचनाएं पहुंचे, इसमें सूचना विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है। कोविड से बचाव के लिया सरकार, शासन – प्रशासन एवं पुलिस द्वारा किए जा रहे प्रयासों को आम जन तक पहुंचाने में सूचना विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के पत्रकार बंधु भी कोविड पर जनजागरुकता के दृष्टिगत लगातार फील्ड में हैं। इस दौरान कई बार वे भी कोविड से संक्रमित हो रहे हैं। प्रदेश में कोई भी पत्रकार बंधु संक्रमित हो रहे हैं तो, उनको विभाग की ओर से हर संभव मदद देने के प्रयास किए जाय। मुख्यालय स्तर पर एवं सभी जनपदों में मीडिया से निरंतर संवाद स्थापित किया जाय। किसी भी मीडियाकर्मी की कोविड संक्रमित होने की सूचना पर प्रशासन से समन्वय स्थापित करते हुए उन्हें हर संभव मदद दी जाय।

सूचना महानिदेशक रणवीर सिंह चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री ने पत्रकारों के कोविड वैक्सीनैशन की अलग से व्यवस्था करने के निर्देश दिये हैं। जिला सूचना अधिकारी इस संबंध मे भी जिलाधिकारी मार्गदर्शन में समन्वय करें।

सूचना महानिदेशक ने कहा कि नियमित निगरानी की जाय कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से कोई भ्रामक सूचनाएं न प्रसारित हो। कोविड के दृष्टिगत जनजागरूकता में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। मीडिया से लगातार संपर्क स्थापित किए जाय। कोविड की इन विषम परिस्थितियों में हमारी भूमिका और बढ़ जाती है। सटीक और प्रमाणिक जानकारी जनता तक पहुंचे।

सूचना महानिदेशक  रणवीर सिंह चौहान ने सभी जिला सूचना अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपदों में जिलाधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं पुलिस से निरंतर संपर्क स्थापित कर कोविड से बचाव के लिए किए जा रहे विभिन्न प्रयासों एवं जन जागरूकता के लिए की जा रही पहलों को मीडिया के माध्यम से जनता तक पहुंचाया जाय। सूचनाओं के आदान – प्रदान में और तेजी लाई जाए। जनपदों में पत्रकार बंधुओं से समन्वय बना कर रखें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.