दावे सब फेल हो जाएंगे: दीदी, कहा-जनता का फैसला शाह को पता चल जाएगा

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण में 30 सीटों में से 26 पर भाजपा के जीत का दावा किया था जिसे ममता बनर्जी ने खारिज करते हुए कहा कि मतगणना के बाद जनता का फैसला पता चल जाएगा। शाह ने दिन में नयी दिल्ली में अपने आवास पर संवाददाता सम्मेलन में यह दावा किया था। हालांकि, ममता ने शाह का नाम नहीं लिया, लेकिन उन्होंने सवाल किया कि चुनाव होने के महज एक दिन बाद ही इस तरह का दावा कैसे किया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने नंदीग्राम से लगे चंडीपुर विधानसभा क्षेत्र में एक चुनाव रैली में चुटकी लेते हुए कहा, एक नेता ने आज कहा कि भाजपा पहले चरण की 30 में से 26 सीटों पर जीत हासिल करेगी, सभी 30 सीटों पर दावा क्यों नहीं कर दिया, क्या उन्होंने शेष सीटें कांग्रेस और माकपा के लिए छोड़ दी है? ममता ने कहा कि वह किसी तरह का अनुमान नहीं लगाएंगी। उन्होंने कहा कि यह जनता का फैसला है, जो मतगणना के बाद पता चलेगा। बंगाल में आठ चरणों में विधानसभा चुनाव हो रहे हैं और मतगणना दो मई को होगी। उन्होंने कहा, चूंकि 84 प्रतिशत मतदान हुआ है, मैं अंदाजा लगा सकती हूं कि लोगों ने हमारे पक्ष में वोट दिया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.