इंग्लैंड के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला के लिए 18 सदस्यीय टीम की घोषणा

सूर्यकुमार यादव, प्रसिद्ध कृष्णा और क्रुणाल पांड्या को इंग्लैंड के खिलाफ आगामी तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला के लिए भारतीय टीम में जगह मिली है। तीनों को उनके हाल के प्रदर्शन के मद्देनजर टीम में शामिल करके एकदिवसीय पदार्पण का मौका दिया गया है। चेतन शर्मा की अगुवाई वाली अखिल भारतीय वरिष्ठ चयन समिति ने शुक्रवार को इंग्लैंड के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला के लिए 18 सदस्यीय टीम की घोषणा की, जिसमें युवा मध्यम तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा, बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव और आलराउंडर क्रुणाल पांड्या को पहली बार शामिल किया गया है। हाल ही में संपन्न आस्ट्रेलिया दौरे के लिए चुने गए कई खिलाड़ी इस सूची से बाहर हैं। इसमें जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी और रवींद्र जडेजा जैसे दिग्गज खिलाड़यिों का नाम भी शामिल है। आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेलने वाले प्रसिद्ध कृष्णा ने हाल ही में संपन्न विजय हजारे ट्रॉफी एकदिवसीय टूर्नामेंट में 14 विकेटों के साथ रन भी बनाए हैं। वहीं सूर्यकुमार ने घरेलू सर्कट और आईपीएल में शानदार प्रदर्शन करके दिखाया है। इसकी बदौलत उन्हें 18 मार्च को इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टी-20 मैच में खेलना का मौका मिला, जिसमें उन्होंने महत्वपूर्ण अर्ध शतक बनाया। सूर्यकुमार ने विजय हजारे ट्रॉफी एकदिवसीय टूर्नामेंट में भी शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने पांच मैचों में 66.40 औसत के साथ कुल 332 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और दो अर्ध शतक शामिल हैं। क्रुणाल पांड्या का भी विजय हजारे ट्रॉफी टूर्नामेंट शानदार गुजरा है। टूर्नामेंट में बड़ौदा की तरफ से बतौर कप्तान क्रुणाल ने दो नाबाद शतकों समेत दो अर्ध शतक जड़े। उम्मीद है कि क्रुणाल टीम में रवींद्र जडेजा की कमी को पूरा करेंगे, जो अभी तक चोट से उबर नहीं पाए हैं। भारत की 18 सदस्यीय टीम: विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा (उप कप्तान), शिखर धवन, शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), लोकेश राहुल (विकेटकीपर), युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, क्रुणाल पांड्या, न सुंदर, टी नटराजन, भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, शार्दुल ठाकुर।

Leave A Reply

Your email address will not be published.