अमृत महोत्सव : हेमंत ने साइकिल चलाकर किया उद्घाटन 

Jharkhand Chief Minister Hemant Soren झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज देश की आजादी की 75वीं वर्षगांठ को समर्पित ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के मौके पर आयोजित साइकिल रैली का उद्घाटन स्वयं साइकिल चलाकर की। रैली का उद्धघाटन करने के बाद कहा, हमसभी को गर्व है कि देश की आजादी के लिए अनेक वीर सपूतों ने अपने प्राणों की आहुति दी है। भारत का लोकतंत्र इन वीर सपूतों की कुर्बानी की ही देन है। देश के लोकतंत्र को स्थापित करने में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, सुभाष चंद्र बोस, भगत सिंह, लाल बहादुर शास्त्री, सरदार वल्लभभाई पटेल, संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर, भगवान बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू, वीर बुधु भगत सहित कई वीर सपूतों ने अहम भूमिका निभायी। आज के दिन मैं इन सभी वीर सपूतों को नमन करता हूं। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के आजादी की 75वीं वर्षगांठ को समर्पित आजादी का अमृत महोत्सव का आयोजन राज्य के युवाओं के लिए प्रेरणा और उत्साह का प्रतीक है। सभी लोगों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं। उल्लेखनीय है कि खेल निदेशालय द्वारा देश की आजादी की 75वीं वर्षगांठ को समर्पित आजादी का अमृत महोत्सव के अवसर पर साइकिल रैली का आयोजन किया गया है। यह साइकिल रैली मुख्यमंत्री आवास कांके रोड से शुरू होकर प्रेमसंस मोटर्स चौक कांके रोड, रांची कॉलेज, मान्या पैलेस, टीआरआई, करम टोली चौक, पुलिस अधीक्षक आवास एवं गवर्नर हाऊस चौक होते हुए आड्रे हाउस तक पहुंची।

Leave A Reply

Your email address will not be published.