गरीबों को चिन्हित कर उन्हें आवास उपलब्ध कराया जा रहा है: योगी

लखनऊ :  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री ने रोटी, कपड़ा और मकान के नारों को हकीकत में बदलने का कार्य किया है। हर व्यक्ति को मकान, आजीविका और रोटी की गारंटी केन्द्र और प्रदेश सरकार प्रदान कर रही है। श्री योगी ने  प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत तीन लाख 42 हजार 322 लाभार्थियों को 2,409 करोड़ रुपए का आनलाइन हस्तान्तरण किया। उन्होंने पांच जिलों वाराणसी, मथुरा, गाजियाबाद, अयोध्या और सहारनपुर के इस योजना के दो-दो लाभार्थियों से वर्चुअल माध्यम से बातचीत की और उनके मकान निर्माण की स्थिति, बच्चों की पढ़ाई के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि योजना के तहत सभी गरीबों को चिन्हित कर उन्हें आवास उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रधानमंत्री की प्रेरणा से पहली बार इस आवास योजना का लाभ शहरी क्षेत्र के गरीबों को मिल रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना में वर्ष 2017 से पहले प्रदेश का स्थान 26 व 27 वां था। उस समय इस योजना का लाभ लोगों को नहीं मिल रहा था। वर्तमान सरकार के सत्ता में आते ही इस योजना के तहत प्रयासों में तेजी लायी गयी। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं (शहरी) के तहत अब तक लगभग 40 लाख आवास लाभार्थियों को उपलब्ध कराए गये हैं। 16 लाख 82 हजार आवास नगरीय क्षेत्रों में तथा 23 लाख आवास ग्रामीण क्षेत्रों में लाभार्थियों को उपलब्ध कराए गये। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत शहरी क्षेत्र के लिए ढाई लाख रुपये आवास निर्माण के लिये प्रदान किए जाते है। उन्होंने पात्रता के संबंध में बताया कि जिन लाभार्थियों की सालाना आय 3 लाख रुपए से कम हो और अपनी जमीन हो, इसके पात्र होंगे। उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यान्वयन में भी प्रदेश एक अग्रणी राज्य है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.