कमलनाथ की टिप्पणी पर सांसद बैठी धरने पर

पटना : भाजपा नेत्री इमरती देवी पर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ द्वारा की गई टिप्पणी पर भाजपा ने कड़ा विरोध जताया है। भाजपा की राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय ने मीडिया सेंटर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उनके बयान को महिला विरोधी जताया। सरोज पांडेय ने इसके विरोध में 4 घंटे का उपवास रखा।बताते चलें कि एमपी के पू्र्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने इमरती देवी को आईटम कहा था।

सरोज पांडे ने कांग्रेस से महिलाओं के अपमान करने पर सवाल पूछे, उन्होंने कहा कि जिस पार्टी के मुखिया एक महिला हो उस पार्टी के पूर्व मुख्यमंत्री एक महिला पर ऐसी अभद्र टिप्पणी कैसे कर सकते हैं? कांग्रेस पर हमला करते हुए सरोज पांडेय ने कहा कि महिलाओं के अपमान करने की कांग्रेस की पुरानी आदत है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से वह महिला बिलख-बिलख कर रो रही है वह उनके लिए पीड़ादायक है लेकिन मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री सार्वजनिक सभा में बहुत गौरव के साथ उन पर टिप्पणी करते हैं और यह कृत्य करते हुए उन्हें तनिक भी अफसोस नहीं होता है। राजनीति अपनी जगह है लेकिन राजनीति में टिप्पणी करते समय भद्रता होनी चाहिए क्योंकि भारत में महिलाओं को पूजा जाता है।

सरोज पांडेय ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का जिक्र करते हुए कहा कि महिला का सम्मान न करना कांग्रेस के लिए नई बात नहीं है बल्कि इनके कई नेता इस तरह की शर्मनाक टिप्पणी कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों पर राजनीतिक नहीं होनी चाहिए, राजनीति के लिए और भी मुद्दे हैं। सरोज पांडेय ने कहा कि बिहार चुनाव में कांग्रेस ने यौन शोषण के आरोपी बृजेश पांडे को टिकट दिया है। इसी से पता चल जाता है कि कांग्रेस महिलाओं का कितना सम्मान करती है?

सरोज पांडेय ने राजद को भी महिला विरोधी बताया। उन्होंने कहा कि राजद ने दुष्कर्म में सजायफ्ता राजबल्लभ यादव की पत्नी को नवादा और नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में फरार अरुण यादव की पत्नी को संदेश विधानसभा से टिकट देकर यह साबित कर दिया है की वे भी बेटियों का सम्मान नहीं करते। राजद की मुखिया भी एक महिला है लेकिन फिर भी उनकी तस्वीर राजद के पोस्टर से गायब है।

सरोज पांडे ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं के सम्मान दिलाने का काम किया है, चाहे वह बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना हो या फिर उज्जवला योजना। तीन तलाक पर बाकी पार्टियां राजनीति करती रही लेकिन देश के प्रधानमंत्री ने तीन तलाक कानून को खत्म कर महिलाओं को तीन तलाक से मुक्ति दिलाई। सरोज पांडेय ने कहा कि राजनीति करें परंतु महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी न करें और अगर ऐसा होता है तो यह हम सब के लिए शर्मनाक है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.