देहरादून। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के मोथरोवाला वार्ड स्थित दौड़वाला में मातृशक्ति सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कांग्रेस के राष्ट्रीय संचार सचिव एवं युवा नेता Vaibhav Walia द्वारा किया गया, जिसमें क्षेत्र की 500 से अधिक महिलाओं को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर महिलाओं को शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर समाज और परिवार के निर्माण में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति रही, जिससे माहौल उत्साहपूर्ण और प्रेरणादायक बन गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश कांग्रेस कैंपेन कमेटी के अध्यक्ष और चकराता विधायक Pritam Singh मौजूद रहे। उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि समाज और राष्ट्र की प्रगति में महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। मातृशक्ति के बिना सशक्त समाज और समृद्ध राष्ट्र की कल्पना नहीं की जा सकती।
उन्होंने कहा कि महिलाओं ने हर क्षेत्र में अपनी क्षमता और नेतृत्व का परिचय दिया है। ऐसे आयोजनों से महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलता है।
इस दौरान प्रीतम सिंह ने भाजपा सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान समय में प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध और बेरोजगारी की समस्या बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि जनता अब बदलाव चाहती है और आने वाले चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
कार्यक्रम में कांग्रेस नेता नानक चंद, पार्षद प्रत्याशी आयुष सेमवाल, नवीन रमोला, अमृता कौशल, पीयूष गौड़, वसीम, मनकला थापा, इंदु सिंह, मंजू त्रिपाठी, स्वाति नेगी, माया थापा, लालमणि शाह, माया शाही, सुधा ठाकुर, पूजा, मीनाक्षी गुरुंग, आरती थापा, पदमा देवी, रजनी चौहान, शकुंतला प्रधान, ज्योति, मंजू, रीता देवी, मीरा आले और निर्मला सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
