हल्द्वानी। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री **पुष्कर सिंह धामी** ने शनिवार को हल्द्वानी स्थित एफटीआई सभागार में कानून-व्यवस्था और जनपद में संचालित विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप सभी विकास कार्य समयबद्ध, पारदर्शी और समन्वित ढंग से पूरे किए जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को जमीनी स्तर पर नियमित निरीक्षण और प्रगति की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मानव-वन्यजीव संघर्ष की बढ़ती घटनाओं पर भी गंभीर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने संवेदनशील क्षेत्रों में ट्रैप कैमरे लगाने, सोलर फेंसिंग और तारबाड़ व्यवस्था को मजबूत करने तथा नियमित निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने वन विभाग को प्रभावी और ठोस रणनीति अपनाने को कहा, ताकि जनहानि और किसानों की फसलों को होने वाले नुकसान को कम किया जा सके।
वनाग्नि की घटनाओं की रोकथाम के लिए भी मुख्यमंत्री ने विशेष दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने फायर लाइन (अग्निरोधक खाइयों) को दुरुस्त रखने, संवेदनशील क्षेत्रों में पेट्रोलिंग बढ़ाने, रेंजवार मॉनिटरिंग करने और जनजागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि वनाग्नि की किसी भी घटना पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों में बेहतर समन्वय ही प्रदेश के समग्र विकास की कुंजी है। उन्होंने अधिकारियों को जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।