रुद्रपुर। शुक्रवार को साप्ताहिक बाजार में मारपीट और अवैध हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाले दो युवकों को रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से एक 12 बोर और एक 315 बोर का अवैध तमंचा बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार 20 फरवरी की शाम डायल 112 पर सूचना मिली कि मैट्रोपोलिस मॉल के पीछे लगने वाले साप्ताहिक शुक्र बाजार में कुछ युवक दुकानों के सामने झगड़ा कर रहे हैं और उनके पास हथियार भी है। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक चंदन सिंह बिष्ट और उपनिरीक्षक दीपक बहुगुणा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपियों की तलाश शुरू की।
तलाशी अभियान के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मारपीट करने वाले युवक धर्मपुर फ्लाईओवर के पास खड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ और तलाशी में विजयपाल पुत्र रामसरन, निवासी कृष्णा नगर गदरपुर के पास से 12 बोर का तमंचा बरामद हुआ। वहीं प्रेम कुमार साहनी पुत्र राम देव साहनी, निवासी डिबडिबा (बिलासपुर, रामपुर) के पास से 315 बोर का तमंचा मिला।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर अवैध हथियारों के साथ दहशत फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।