देहरादून। राजधानी देहरादून में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब व्यस्त तिब्बती मार्केट और परेड ग्राउंड के पास दिनदहाड़े एक गैस एजेंसी संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान बसंत विहार (आईटीबीपी क्षेत्र) निवासी अर्जुन शर्मा के रूप में हुई है, जो जीएमएस रोड पर गैस एजेंसी का संचालन करते थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अर्जुन शर्मा रोजाना की तरह सुबह परेड ग्राउंड में टेनिस खेलने पहुंचे थे। करीब 10:30 बजे खेल खत्म कर बाहर निकलने के बाद वह तिब्बती मार्केट के सामने एक ठेली से अनानास खरीद रहे थे। इसी दौरान दो अज्ञात युवक स्कूटी पर वहां पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों ने बेहद नजदीक से अर्जुन शर्मा के सीने में गोली दागी और मौके से फरार हो गए।
गोली लगते ही अर्जुन शर्मा गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दिनदहाड़े हुई इस हत्या से शहर में दहशत का माहौल है। घटना ने कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रारंभिक जांच में पुलिस प्रॉपर्टी विवाद की आशंका जता रही है, हालांकि अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। शहर के प्रमुख मार्गों पर नाकेबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। इस घटना ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिया है।