सहस्त्रधारा ट्रेंचिंग ग्राउंड का होगा कायाकल्प! यहां बनेगा देहरादून का नया सिटी पार्क

देहरादून। राजधानी देहरादून के सहस्त्रधारा रोड स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड का स्वरूप जल्द ही बदलने वाला है। वर्षों से कचरे के निस्तारण के लिए उपयोग हो रही इस भूमि को अब आधुनिक सुविधाओं से युक्त भव्य पार्क के रूप में विकसित किया जाएगा। मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन ने बुधवार को सचिवालय में आयोजित बैठक में इस परियोजना के लेआउट का प्रस्तुतिकरण देखा और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने एमडीडीए (मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण) को निर्देशित किया कि प्रस्तावित पार्क को सिटी पार्क की तर्ज पर विकसित किया जाए, ताकि यह शहरवासियों के लिए एक प्रमुख आकर्षण और राहत स्थल बन सके। उन्होंने नगर निगम आयुक्त नमामि बंसल को ट्रेंचिंग ग्राउंड में पड़े कचरे के शीघ्र निस्तारण के भी निर्देश दिए, जिससे निर्माण कार्य में देरी न हो।

बैठक में सचिव शहरी विकास नितेश झा भी मौजूद रहे। मुख्य सचिव ने कहा कि तेजी से बढ़ती आबादी और यातायात दबाव के बीच शहर में हरित और खुले स्थानों की आवश्यकता अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है। ऐसे में आधुनिक पार्क नागरिकों को स्वास्थ्य, मनोरंजन और सामाजिक गतिविधियों के लिए बेहतर वातावरण प्रदान करेंगे।

प्रस्तावित पार्क में ओपन जिम, जॉगिंग ट्रैक, साइकिल ट्रैक, मल्टीपरपज हॉल, वॉलीबॉल और बैडमिंटन कोर्ट, कैफेटेरिया, ओपन थिएटर तथा योग एवं मेडिटेशन की सुविधाएं विकसित की जाएंगी। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिया कि पार्क निर्माण में सीमेंट और कंक्रीट का न्यूनतम उपयोग किया जाए, ताकि प्राकृतिक स्वरूप बना रहे।

इसके साथ ही भूजल रिचार्ज के लिए वाटर फाउंटेन और अन्य जल संरचनाओं की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सहयोग से पर्यावरणीय मानकों का भी पालन सुनिश्चित किया जाएगा। मुख्य सचिव ने एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी को पार्क के लेआउट को शीघ्र अंतिम रूप देकर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के निर्देश दिए।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.