नेशनल स्कूल गेम्स में देहरादून की बेटियों का कमाल, फेंसिंग में जीता कांस्य पदक

देहरादून। सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल, देहरादून की कक्षा आठवीं की छात्राओं आनंदिता सैनी और मन्नत मनराल ने 69वें नेशनल स्कूल गेम्स (फेंसिंग) में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीतकर स्कूल और प्रदेश का नाम रोशन किया है। दोनों छात्राओं ने यह उपलब्धि फोइल टीम इवेंट में हासिल की। यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजी नगर में दिसंबर 2025 में आयोजित की गई थी।

इस प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों से 600 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। कड़े मुकाबलों के बीच सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल की इन होनहार छात्राओं ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। उनकी इस सफलता से स्कूल में हर्ष और उत्साह का माहौल है।

छात्राओं की इस उपलब्धि पर स्कूल के प्रबंध निदेशक विपिन बलूनी और प्रधानाचार्य पंकज नौटियाल ने उन्हें हार्दिक बधाई दी। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों के साथ-साथ उनके फेंसिंग कोच प्रदीप कोठारी को भी इस सफलता का श्रेय देते हुए शुभकामनाएं दीं। स्कूल प्रबंधन ने कहा कि खेलों के माध्यम से बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है और ऐसी उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरित करती हैं।

गौरतलब है कि आनंदिता सैनी पहले से ही एक प्रतिभाशाली फेंसर रही हैं। उन्होंने इससे पूर्व भी कई राज्यस्तरीय और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। आनंदिता ने राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं के साथ-साथ सीबीएसई फोइल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया है।

वहीं मन्नत मनराल ने भी स्कूल स्तर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में लगातार बेहतर प्रदर्शन किया है और अपनी मेहनत व लगन से पहचान बनाई है। राष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक जीतना उनके खेल करियर के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

दोनों छात्राओं की इस सफलता से न केवल स्कूल के शिक्षक और छात्र गौरवान्वित हैं, बल्कि अभिभावकों में भी खुशी की लहर है। स्कूल प्रशासन ने विश्वास जताया है कि आनंदिता और मन्नत भविष्य में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करेंगी।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.