नागल हटनाला से चालंग तक बदलेगा विकास का नक्शा, 617 लाख की योजनाओं का शुभारंभ

मसूरी विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए विकास की बड़ी सौगात सामने आई है। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने देहरादून के नागल हटनाला स्थित सामुदायिक भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कुल 616.67 लाख रुपये की लागत से तैयार और प्रस्तावित योजनाओं का शुभारंभ कर क्षेत्रवासियों को राहत दी।

कैबिनेट मंत्री ने वार्ड संख्या 04, राजपुर में 398.96 लाख रुपये की लागत से निर्मित नागल हटनाला पेयजल योजना का लोकार्पण किया। इसके साथ ही मंडी परिषद द्वारा 23 लाख रुपये की लागत से कराए गए विकास कार्यों का भी उद्घाटन किया गया। वहीं, नागल हटनाला, चालंग और कुल्हान क्षेत्रों में सड़कों और नालियों के निर्माण कार्यों का 188.36 लाख रुपये की लागत से शिलान्यास किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गणेश जोशी ने कहा कि राज्य सरकार मसूरी विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। पेयजल, सड़क और मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है, ताकि आम लोगों को रोजमर्रा की परेशानियों से राहत मिल सके।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने वरिष्ठ नागरिकों और पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी किया। सम्मान पाने वालों में पूर्व प्रधान चालंग रामलाल ठाकुर, प्रेम पाठक, मीनाक्षी भट्ट, कमल गुप्ता, रविंद्र सिंह, कलम सिंह रमोला, राखी पुंडीर, रणवीर और उमेश त्यागी सहित अन्य लोग शामिल रहे।

कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुंग, पार्षद महिमा पुंडीर, पूर्व प्रधान समीर पुंडीर, मंडल महामंत्री अल्का कुल्हान, लोनिवि और जलनिगम के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.