देर रात एक भयावह सड़क हादसे ने सभी को दहला दिया। देवा-फतेहपुर मार्ग पर बिशुनपुर कस्बे के पास ग्राम कुतुलुपुर में एक तेज रफ्तार ट्रक और अर्टिगा कार की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें छह लोगों की मौके पर ही मौत*हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। मौके का मंजर रूह कंपा देने वाला था — कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी और कई लोग उसमें फंसे हुए थे।
सूचना मिलते ही जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। राहत व बचाव कार्य के लिए पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर मशक्कत की। घायलों को तुरंत एंबुलेंस से देवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, लेकिन वहां इलाज के दौरान दो और घायलों ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने बताया कि हादसे में कुल छह लोगों की मौत हुई है। मृतकों की पहचान की जा रही है। शुरुआती जांच के अनुसार, ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी और उसने सामने से आ रही अर्टिगा कार को टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
जिलाधिकारी त्रिपाठी ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि प्रशासन पूरी तत्परता से राहत और बचाव कार्य में जुटा है। मृतकों के परिजनों को हर संभव मदद दी जाएगी और घायलों के इलाज की व्यवस्था जिला अस्पताल में कराई गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह इलाका अंधे मोड़ और रफ्तार नियंत्रण की कमी के कारण दुर्घटना संभावित क्षेत्र माना जाता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मार्ग पर स्पीड ब्रेकर और साइन बोर्ड लगाने की मांग की है ताकि आगे ऐसी घटनाएं न हों।