पूर्व विधायक राजकुमार के सामने फूट पड़ा ठेलेवालों का दर्द, ज्ञापन सौंप किया बड़ा खुलासा!

देहरादून। राजधानी देहरादून में फल और सब्जी विक्रेताओं ने पुलिस और नगर निगम कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाई है। विक्रेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व विधायक राजकुमार से मुलाकात कर अपनी समस्याओं से अवगत कराया और ज्ञापन सौंपकर राहत दिलाने की मांग की।

राजपुर विधानसभा क्षेत्र के न्यू रोड स्थित कैंप कार्यालय में मिले प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि वे पिछले 15 से 20 वर्षों से चलती-फिरती ठेलियों पर फल और सब्जी बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं, लेकिन नगर निगम और पुलिस के अधिकारी आए दिन उनकी ठेलियाँ जब्त कर लेते हैं। इससे उनके माल का नुकसान होता है और आर्थिक स्थिति बिगड़ जाती है।

विक्रेताओं ने ज्ञापन में कहा कि वे सभी गरीब परिवारों से हैं और अधिकतर ने बैंक से लोन लेकर ठेली खरीदी है। नगर निगम की ओर से लाइसेंस मिलने के बावजूद उन्हें सड़क पर ठेली लगाने नहीं दी जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ निर्धारित सड़कों पर काम करने की अनुमति मांगी गई थी, लेकिन अब तक अनुमति नहीं मिली।

पूर्व विधायक राजकुमार ने विक्रेताओं को भरोसा दिलाया कि वे जल्द ही मेयर, नगर आयुक्त और एसएसपी से बातचीत कर इस समस्या का समाधान कराने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि छोटे व्यापारियों को परेशान करने की बजाय उन्हें रोजगार में सहयोग दिया जाना चाहिए।

इस मौके पर व्यापार मंडल अध्यक्ष सुनील कुमार बांगा, सुरेश पारछा, शिवा, मुकेश, सुंदरपाल, फूलचंद, ममता रानी, मदन मोहन, दिलीप और गुलशन सहित कई ठेलेवाले मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.