पाकिस्तान में अपहरण की बड़ी वारदात! हथियारबंद लोगों ने नौ अधिकारियों को उठाया

पाकिस्तान के अशांत बलोचिस्तान प्रांत में एक बार फिर हिंसा और असुरक्षा की तस्वीर सामने आई है। बुधवार को मस्तुंग जिले में एक निर्माण कंपनी के नौ अधिकारियों का हथियारबंद लोगों ने अपहरण कर लिया। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है, जबकि इस्लामाबाद तक चिंता की लहर दौड़ गई है।

‘द बलोचिस्तान पोस्ट’ की रिपोर्ट के अनुसार, यह वारदात तब हुई जब अधिकारी एक सरकारी परियोजना स्थल पर मौजूद थे। अचानक कुछ हथियारबंद लोग वहां पहुंचे, स्थल को घेर लिया और सभी नौ अधिकारियों को जबरन अपने साथ ले गए। बताया जा रहा है कि अपहृत सभी अधिकारी पंजाब और सिंध प्रांतों से हैं।

घटना के तुरंत बाद पाकिस्तानी सेना और सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया और सघन तलाशी अभियान शुरू किया। हालांकि अब तक अपहृत अधिकारियों का कोई सुराग नहीं लग सका है।

सूत्रों के अनुसार, अपहरण के बाद कुछ हथियारबंद व्यक्तियों ने कलात के मंगचर इलाके में क्वेटा-कराची राजमार्ग को अवरुद्ध कर वाहनों की तलाशी भी ली। नाकाबंदी करीब एक घंटे तक चली, जिसमें गोलीबारी और विस्फोट की आवाजें भी सुनी गईं।

पुलिस ने अभी तक अपहरणकर्ताओं की पहचान या उनके उद्देश्य के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। बलोचिस्तान में इस तरह की घटनाएं अक्सर विद्रोही समूहों की गतिविधियों से जुड़ी मानी जाती हैं, जो लंबे समय से सरकार और सुरक्षा एजेंसियों के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.