देहरादून। उत्तराखंड के चमोली जनपद में एक शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय जूनीधार में सहायक अध्यापक ने छात्रों से अपनी कार धुलवाई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने संज्ञान लिया और आरोपी शिक्षक के खिलाफ तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) चमोली ने सहायक अध्यापक घनश्याम तिवाड़ी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन के बाद उन्हें मुख्यालय उप शिक्षा अधिकारी कार्यालय थराली से अटैच कर दिया गया है।
साथ ही, इस पूरे प्रकरण की जांच उप शिक्षा अधिकारी (प्राथमिक शिक्षा) थराली को सौंपी गई है। जांच अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि वह मामले की ठोस जांच कर एक सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) को सौंपें।
शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि छात्रों से निजी कार्य करवाना कर्मचारी आचरण नियमावली का स्पष्ट उल्लंघन है और यह बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि इस तरह की हरकतों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि विद्यालय परिसर में बच्चे अध्यापक की कार धोते नजर आ रहे हैं। इस घटना ने न सिर्फ अभिभावकों को नाराज़ किया, बल्कि शिक्षा विभाग की छवि पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
सरकार और विभाग द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई से यह साफ संदेश गया है कि विद्यालयों में बच्चों का समय केवल शिक्षा के लिए है, न कि शिक्षकों के निजी कामों के लिए।