देहरादून। उत्तराखंड के लिए गौरव का क्षण है कि *एम्बेलिश मिसेज़ इंडिया 2025* की पांच विजेता अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने जा रही हैं। दुबई में 27 सितंबर से 3 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले *मिसेज़ टूरिज़्म 2025* में ये प्रतिभागी न केवल भारतीय सौंदर्य और नारी शक्ति की छवि पेश करेंगी, बल्कि विशेष रूप से उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को भी वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करेंगी।
एम्बेलिश टैलेंट मैनेजमेंट की निदेशक ख्याति शर्मा ने बताया कि उत्तराखंड से डॉ. ममता, प्रमिला तोमर, प्रसन्ना चंद्रा, रंजना डोभाल और सरिता कंडवाल इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी। ये पांचों विजेता अपने आत्मविश्वास और प्रतिभा के साथ भारतीय संस्कृति का संदेश दुनिया भर तक पहुंचाएंगी। प्रतियोगिता में 70 से अधिक देशों की महिलाएं भाग ले रही हैं, ऐसे में भारत की यह भागीदारी विशेष मायने रखती है।
ख्याति शर्मा ने कहा कि ये प्रतिभागी पारंपरिक भारतीय परिधानों में, खासतौर पर उत्तराखंड की पहचान मानी जाने वाली *पारंपरिक नथ* पहनकर रैंप पर उतरेंगी। इससे भारतीयता और संस्कृति का अद्भुत संगम अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के सामने प्रस्तुत होगा। उन्होंने बताया कि जौनसार, हल्द्वानी, गढ़वाल, देहरादून और पौड़ी जैसे विभिन्न क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करती ये महिलाएं उत्तराखंड की विविध सांस्कृतिक धरोहर को भी मंच पर दिखाएंगी।
एम्बेलिश टैलेंट मैनेजमेंट भारत के लिए *मिसेज़ टूरिज़्म* की आधिकारिक फ्रैंचाइज़ी होल्डर है। संस्था का प्रयास रहता है कि भारत से चयनित विजेता पूरी तैयारी और आत्मविश्वास के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लें। ख्याति ने कहा कि यह न केवल इन पांच प्रेरणादायी महिलाओं के लिए, बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव का पल होगा जब दुबई में भारतीय संस्कृति और उत्तराखंडी परंपराओं का परचम लहराएगा।