कोरी क्रीक में BSF का ऑपरेशन: 15 पाकिस्तानी मछुआरे नाव समेत गिरफ्तार

गांधीनगर, 24 अगस्त। भारत–पाकिस्तान सीमा पर स्थित कच्छ का कोरी क्रीक क्षेत्र एक बार फिर सुर्खियों में है। शनिवार दोपहर सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने यहां बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान से आई एक संदिग्ध नाव को पकड़ा। इस नाव पर सवार 15 पाकिस्तानी नागरिकों को जवानों ने हिरासत में ले लिया। लंबे समय बाद इतनी बड़ी संख्या में पाकिस्तानी मछुआरों का भारतीय सीमा में पकड़ा जाना सुरक्षा एजेंसियों के लिए चिंता का विषय बन गया है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार को करीब 12 बजे कोटेश्वर के सामने कोरी क्रीक के उत्तरी छोर पर बीबी का कुआं इलाके में BSF को एक संदिग्ध नाव दिखाई दी। तुरंत ही 68 और 176 बटालियन के जवानों ने जी ब्रांच के साथ मिलकर संयुक्त ऑपरेशन शुरू किया और नाव को घेर लिया। पकड़ी गई नाव भारतीय सीमा में करीब पांच किलोमीटर अंदर तक घुस आई थी।

गिरफ्तार किए गए सभी लोगों को देर रात कोटेश्वर लाया गया, जहां उनसे पूछताछ जारी है। प्राथमिक जांच में वे मछुआरे प्रतीत हो रहे हैं, लेकिन इतनी बड़ी संख्या में उनका भारतीय जलक्षेत्र तक पहुंचना कई सवाल खड़े करता है। इस मामले में खुफिया और सुरक्षा एजेंसियां अब जांच में जुट गई हैं।

बीएसएफ ने इस घटना के बाद पूरे क्रीक क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। फिलहाल समुद्र में मछली पकड़ने का सीजन लगभग बंद है और ऊपर से तूफानी मौसम के चलते समुद्री गश्त भी सतर्कता के साथ हो रही है। आशंका है कि खराब मौसम और तेज लहरों का फायदा उठाकर ये पाकिस्तानी नाव भारतीय सीमा में घुस आई होगी।

हालांकि, यह भी सवाल उठता है कि क्या ये लोग वाकई मछुआरे हैं या फिर किसी और मकसद से सीमा पार कर आए थे। BSF और अन्य एजेंसियां उनके इरादों का पता लगाने की कोशिश कर रही हैं। यह घटना भारत–पाक सीमा की सुरक्षा चुनौतियों और लगातार बढ़ते सतर्कता स्तर की ओर भी इशारा करती है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.