जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में मंगलवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की जान चली गई और कई यात्री घायल हो गए। हादसा खेतासराय थाना क्षेत्र के गुरैनी बाजार मोड़ पर हुआ, जहां वाराणसी से शाहगंज जा रही एक रोडवेज बस की आमने-सामने टक्कर एक ट्रक से हो गई।
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश सिंह ने बताया कि बस गलत दिशा में चल रही थी, जिससे यह दुर्घटना हुई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें दो पुरुष, एक महिला और एक बच्चा शामिल है। इलाज के दौरान एक अन्य व्यक्ति ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक डॉक्टर कौस्तुभ जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया। डॉक्टरों को सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। सात गंभीर घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है, जबकि एक को वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।
पुलिस ने मृतकों में से एक की पहचान देवी प्रसाद (32) पुत्र हरिहर प्रसाद निवासी पटईला खुटहन के रूप में की है, जबकि अन्य मृतकों की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है। घायलों में मनोज कुमार (गुरैनी खेतासराय), सरस्वती (पत्नी मनोज, गुणी खेतासराय), उषा देवी (पत्नी हरिश्चंद्र, अरोड़ा, आजमगढ़), हरिश्चंद्र (आजमगढ़), प्रदीप मिश्रा (खुटहन शाहगंज), रविंद्र कुमार (शाहगंज), सरिता (मेहंदीपुर शाहगंज), राज (गुरैनी खेतासराय), विनोद सरोज (खुटहन एत्मादपुर), भोले (मोतीहार, बिहार), चंदन (रुदौली), सनी कुमार साहू (खेतासराय), रामपाल (गोदना खेतासराय), सुनो (गोदना), रविंद्र प्रसाद (गोदना), अशोक साकेत (रीवा, मध्य प्रदेश) और जीतू (रीवा, मध्य प्रदेश) शामिल हैं।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्रेन की मदद से सड़क से मलबा हटाया और यातायात सुचारू किया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है और प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया है।
