पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा),। झारखंड के नक्सल प्रभावित पश्चिमी सिंहभूम जिले में पुलिस और नक्सलियों के बीच मंगलवार सुबह भीषण मुठभेड़ हुई। यह मुठभेड़ गोइलकेरा थाना क्षेत्र के सौता गांव के पास जंगल और पहाड़ी से घिरे इलाके में हुई, जिसमें सुरक्षा बलों ने एक नक्सली को मार गिराया। मौके से एक एसएलआर राइफल भी बरामद की गई है।
आईजी (अभियान) डॉ. माइकल राज ने जानकारी दी कि मुठभेड़ अब भी जारी है और नक्सली पक्ष को नुकसान पहुंचा है। फिलहाल, इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है ताकि बाकी नक्सलियों को पकड़ा जा सके या उन्हें इलाके से खदेड़ा जा सके।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस को इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद सीआरपीएफ और झारखंड पुलिस की संयुक्त टीम ने सुबह सर्च अभियान शुरू किया। जैसे ही सुरक्षाबलों की टीम सौता के पास पहुंची, नक्सलियों ने घात लगाकर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने भी गोलियां चलाईं। इसी दौरान एक नक्सली ढेर हो गया, जिसका शव बरामद कर लिया गया है।
मौके से मिली एसएलआर राइफल इस बात का संकेत है कि मारे गए नक्सली की भूमिका संगठन में महत्वपूर्ण रही होगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मुठभेड़ में और कितने नक्सली घायल या मारे गए हैं।
जिले के संवेदनशील और नक्सल प्रभावित इलाकों में पिछले कई दिनों से लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि इन ऑपरेशनों का मकसद नक्सलियों की गतिविधियों को खत्म करना और ग्रामीणों में सुरक्षा का माहौल बनाना है। फिलहाल, सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर रखी है और जंगल में सर्च ऑपरेशन जारी है।
