After Header-1

वंदे भारत, मेट्रो और मेड इन इंडिया चिप! जानिए बेंगलुरु से क्या बोले प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को ‘टेक सिटी’ बेंगलुरु से ‘टेक आत्मनिर्भर भारत’ का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारतीय टेक कंपनियों ने दुनिया भर में नाम कमाया है, लेकिन अब समय आ गया है कि देश की जरूरतों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए ताकि तकनीक का लाभ हर नागरिक तक पहुंचे।

प्रधानमंत्री मोदी ने बेंगलुरु में शहरी संपर्क परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने केएसआर रेलवे स्टेशन से तीन वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई, जिनमें बेंगलुरु–बेलगावी ट्रेन की शुरुआत मौके पर की गई, जबकि अन्य दो ट्रेनों को वर्चुअल माध्यम से रवाना किया गया।

इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने मेट्रो के दूसरे फेज की 19.15 किमी लंबी येलो लाइन का उद्घाटन किया, जिसमें 16 स्टेशन शामिल हैं। इस परियोजना पर 7,600 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आई है। प्रधानमंत्री ने खुद मेट्रो में यात्रा कर जनता से संवाद भी किया।

मोदी ने मेट्रो के तीसरे चरण की ऑरेंज लाइन की आधारशिला भी रखी, जिसकी कुल लंबाई 44 किमी और 31 स्टेशन होंगे। यह परियोजना बेंगलुरु के दूरस्थ क्षेत्रों को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ेगी।

प्रधानमंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता और ‘मेक इन इंडिया’ की ताकत का ज़िक्र करते हुए कहा कि भारत आज लो-कॉस्ट हाई-टेक स्पेस मिशनों, एआई मिशन और सेमीकंडक्टर निर्माण में दुनिया का नेतृत्व कर रहा है।

उन्होंने कहा कि भारत के पास दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क है और रेलवे विद्युतीकरण में भी रिकॉर्ड प्रगति हुई है। बेंगलुरु को प्रधानमंत्री ने टेक और तत्व ज्ञान का शहर बताया, जो न्यू इंडिया की आकांक्षाओं को आगे बढ़ा रहा है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.