मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हाउस ऑफ हिमालयाज की 5वीं बोर्ड बैठक सम्पन्न, वैश्विक विस्तार की रणनीति पर हुआ मंथन

देहरादून। मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में आज सचिवालय में हाउस ऑफ हिमालयाज की 5वीं बोर्ड बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में संस्था के नए उत्पादों की समीक्षा की गई तथा इसके वैश्विक विस्तार की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्य सचिव ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि हाउस ऑफ हिमालयाज के उत्पादों की गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि जैविक उत्पादों का सर्टिफिकेशन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को उत्पाद की प्रामाणिकता पर विश्वास हो। साथ ही, जनसामान्य को इन उत्पादों के बारे में जागरूक करने हेतु प्रचार-प्रसार को और प्रभावी बनाया जाए।

श्री बर्द्धन ने उत्पादों की गुणवत्ता, ट्रेसबिलिटी (खोजयोग्यता) और ब्रांड स्टोरीटेलिंग को वैश्विक स्तर पर “ब्रांड उत्तराखण्ड” के निर्माण के लिए महत्त्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि सभी उत्पादों में QR कोड के माध्यम से ट्रेसबिलिटी को शामिल किया जाना आवश्यक है।

बैठक की शुरुआत हाउस ऑफ हिमालयाज की ब्रांड अवधारणा से हुई, जिसका उद्देश्य “ब्रांड उत्तराखण्ड को वैश्विक मंच पर हिमालयी कृषि एवं गैर-कृषि उत्पादों के प्रीमियम पोजिशनिंग के माध्यम से सशक्त बनाना” है।

उल्लेखनीय है कि दिसंबर 2023 में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा लॉन्च किया गया हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड कम समय में ही ₹2.1 करोड़ की बिक्री दर्ज कर एक प्रेरणादायक पहचान बना चुका है। इस पहल से अब तक 3,000 से अधिक महिलाओं को प्रत्यक्ष आजीविका प्राप्त हुई है।

बैठक में प्रमुख सचिव श्री आर.के. सुधांशु, सचिव श्रीमती राधिका झा, श्री दिलीप जावलकर, डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम, डॉ. वी. षणमुगम, श्री धीराज सिंह गर्ब्याल, पूर्व मुख्य सचिव श्री इंदु कुमार पाण्डे, पूर्व निदेशक LBSNA श्री संजीव चोपड़ा, कुलपति UPSE श्री राम के शर्मा, तथा हाउस ऑफ हिमालयाज की एम.डी. सुश्री झरना कामठान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.