तेल अवीव पर ईरानी मिसाइल हमला: इजरायल के अस्पताल को भारी क्षति, अराक रिएक्टर पर इजरायली जवाबी कार्रवाई
तेल अवीव: ईरान और इजरायल के बीच जारी तनाव के सातवें दिन संघर्ष और तेज़ हो गया है। गुरुवार तड़के ईरान की एक मिसाइल इजरायल के दक्षिणी हिस्से में स्थित ‘सोरोका मेडिकल सेंटर’ पर आ गिरी, जिससे अस्पताल को “व्यापक पैमाने पर क्षति” पहुंची और कई लोग घायल हो गए। यह अस्पताल क्षेत्र का प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र है, जिसमें 1,000 से अधिक बिस्तर हैं और जो लगभग 10 लाख लोगों को सेवाएं देता है।
हमले के बाद अस्पताल को नए रोगियों के लिए बंद कर दिया गया है, और केवल गंभीर हालत वाले मरीजों को ही भर्ती किया जा रहा है। घायल लोगों का इलाज आपातकालीन कक्ष में किया जा रहा है। हालांकि, हमले में घायल हुए लोगों की सटीक संख्या अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
इजरायली मीडिया ने क्षतिग्रस्त खिड़कियों और इलाके से उठते घने काले धुएं की तस्वीरें साझा की हैं। इजरायल की ‘मैगन डेविड एडम’ बचाव सेवा के मुताबिक, मिसाइल और ड्रोन हमलों में अब तक कम से कम 40 लोग घायल हुए हैं।
इस हमले के जवाब में इजरायल ने ईरान के अराक भारी जल रिएक्टर को निशाना बनाते हुए हवाई हमला किया। ईरान के सरकारी टेलीविजन चैनल ने पुष्टि की है कि हमला हुआ है, लेकिन रिएक्टर में कोई विकिरण रिसाव नहीं हुआ है और हमले से पहले ही रिएक्टर परिसर को खाली करवा लिया गया था।
अराक रिएक्टर, जो तेहरान से 250 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित है, ईरान के परमाणु कार्यक्रम का एक अहम हिस्सा माना जाता है। इजरायल ने इस हमले से पहले ही चेतावनी जारी कर दी थी और लोगों से क्षेत्र खाली करने को कहा था।
गौरतलब है कि संघर्ष की शुरुआत सात दिन पहले हुई थी जब इजरायल ने ईरान के सैन्य ठिकानों, वरिष्ठ अधिकारियों और परमाणु वैज्ञानिकों को निशाना बनाते हुए अचानक हमले किए थे। इसके बाद ईरान ने इजरायल पर सैकड़ों मिसाइल और ड्रोन दागे, हालांकि अधिकांश को इजरायल की वायु रक्षा प्रणाली ने निष्क्रिय कर दिया।
स्थिति लगातार तनावपूर्ण बनी हुई है और दोनों देशों में युद्ध की आशंका बढ़ गई है।