फिरोजाबाद में बड़ा सड़क हादसा: रोडवेज बस और ट्रैक्टर-ट्राली की भिड़ंत में बिहार के युवक की मौत, 6 घायल
फिरोजाबाद। जिले के थाना रजावली क्षेत्र में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक रोडवेज बस और ट्रैक्टर-ट्राली की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में बिहार के एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार छह अन्य यात्री घायल हो गए। घायलों को तत्काल इलाज के लिए सरकारी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
हादसा नगला सिकंदर के पास रात करीब 11 बजे हुआ, जब आगरा फोर्ट डिपो की एक रोडवेज बस एटा की ओर जा रही थी। उसी समय सामने से आ रहे ईंटों से लदे ट्रैक्टर-ट्राली ने अचानक टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रोडवेज बस का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और बस में बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
बस में कुल 48 यात्री सवार थे। हादसे में बिहार के अरनिया, रानीगंज निवासी मणिकांत (32 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, सात अन्य यात्री घायल हो गए, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों में टूंडला के प्रदोश, बिहार के रानीगंज निवासी देवराज और रजावली के दलबीर शामिल हैं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
सूचना मिलते ही थाना रजावली पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।
एएसपी सिटी रवि शंकर प्रसाद ने जानकारी देते हुए बताया, “रोडवेज बस और ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर में एक युवक की मौत और छह यात्रियों के घायल होने की सूचना है। पुलिस द्वारा सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है।”
यह हादसा एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करता है कि ट्रैफिक नियमों की अनदेखी और ओवरलोडिंग जैसे कारण कैसे जानलेवा बनते जा रहे हैं। प्रशासन से अपेक्षा की जा रही है कि इस घटना की गहराई से जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसे रोके जा सकें।